Bihar: बाबा हरिहरनाथ के दर पर सीएम नीतीश के पुत्र निशांत कुमार, 20 वर्षों की भक्ति और पिता के कार्यों पर हुए भावुक

सोनपुर (सारण): बिहार के ऐतिहासिक और आध्यात्मिक केंद्र सोनपुर में मंगलवार को उस समय गहमागहमी बढ़ गई, जब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पुत्र निशांत कुमार विश्व प्रसिद्ध बाबा हरिहरनाथ मंदिर पहुँचे। मंदिर परिसर पहुँचते ही स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं ने फूल-मालाओं के साथ उनका भव्य स्वागत किया। निशांत कुमार ने मंदिर के गर्भगृह में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और बिहार की सुख, समृद्धि व शांति के लिए प्रार्थना की।
“20 वर्षों से अटूट है बाबा से रिश्ता”
पूजा के उपरांत मीडियाकर्मियों से बातचीत करते हुए निशांत कुमार काफी सहज और भक्तिभाव में नजर आए। उन्होंने साझा किया वे पिछले लगभग 20 वर्षों से लगातार बाबा हरिहरनाथ के दरबार में हाजिरी लगाते आ रहे हैं। उनके लिए यह केवल एक यात्रा नहीं, बल्कि अटूट श्रद्धा का विषय है।मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कार्यकाल की चर्चा करते हुए निशांत कुमार भावुक हो गए। उन्होंने कहा कि बिहार की जनता उनके पिताजी द्वारा किए गए विकास कार्यों को हमेशा याद रखेगी।
“जनता का मान-सम्मान ही सबसे बड़ी पूंजी”
निशांत कुमार ने अपने पिता को मिले जनसमर्थन के लिए बिहार की जनता का आभार व्यक्त किया। उन्होंने विश्वास जताया कि जिस तरह पिछले दो दशकों से बिहार की जनता ने नीतीश कुमार को अपना स्नेह और मान-सम्मान दिया है, वही अटूट विश्वास आगे भी उनकी पार्टी और नेतृत्व के प्रति बना रहेगा। उन्होंने सकारात्मक लहजे में कहा कि जनता का समर्थन ही लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत है।
क्या राजनीति में एंट्री की है तैयारी?
निशांत कुमार के इस मंदिर दौरे को राजनीतिक गलियारों में काफी गंभीरता से लिया जा रहा है।आमतौर पर लाइमलाइट से दूर रहने वाले निशांत कुमार की हाल के दिनों में बढ़ती सार्वजनिक और धार्मिक सक्रियता ने कई चर्चाओं को जन्म दे दिया है।राजनीतिक विश्लेषक इस दौरे को भविष्य की किसी बड़ी जिम्मेदारी के संकेत के रूप में देख रहे हैं, हालांकि निशांत कुमार ने खुद इसे विशुद्ध रूप से एक धार्मिक यात्रा बताया है।सोनपुर के इस दौरे के दौरान बड़ी संख्या में जदयू समर्थक और आम श्रद्धालु उपस्थित रहे, जो निशांत कुमार की एक झलक पाने के लिए उत्साहित दिखे।



