पटना: बिहार लोक सेवा आयोग की चौथे चरण की शिक्षक भर्ती परीक्षा TRE-4 को लेकर अभ्यर्थियों का आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। छात्र नेता दिलीप कुमार के नेतृत्व में शिक्षक अभ्यर्थियों ने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि अगले तीन दिनों के भीतर TRE-4 का विज्ञापन बीपीएससी की वेबसाइट पर जारी नहीं किया गया, तो 10 अप्रैल से आमरण अनशन शुरू किया जाएगा।पटना में आयोजित बैठक में दिलीप कुमार ने शिक्षा मंत्री सुनील कुमार और बीपीएससी पर वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए कहा कि पिछले दो वर्षों से अभ्यर्थियों को सिर्फ आश्वासन दिया जा रहा है।
पहले ही तय थी परीक्षा की तारीख
दिलीप कुमार ने कहा कि 24 अगस्त 2024 को TRE-4 परीक्षा आयोजित होनी थी और बीपीएससी के कैलेंडर में इसकी तारीख भी दी गई थी, लेकिन बाद में लगातार इसे टाल दिया गया।उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी घोषणा की थी कि जल्द ही TRE-4 का नोटिफिकेशन जारी किया जाएगा। साथ ही यह भी कहा गया था कि 2025 में TRE-4 और 2026 में TRE-5 की परीक्षा आयोजित की जाएगी, लेकिन अब तक चौथे चरण की शिक्षक भर्ती का विज्ञापन जारी नहीं किया गया है।
शिक्षा मंत्री पर भी लगाए आरोप
छात्र नेता दिलीप कुमार ने आरोप लगाया कि शिक्षा मंत्री सुनील कुमार ने बिहार विधानसभा चुनाव से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस कर TRE-4 परीक्षा, रिजल्ट और जॉइनिंग की संभावित तारीखों की घोषणा की थी।उनके अनुसार 26 जनवरी 2026 से पहले चौथे चरण की शिक्षक बहाली के तहत अभ्यर्थियों की जॉइनिंग हो जानी चाहिए थी, लेकिन अब तक भर्ती प्रक्रिया शुरू ही नहीं हुई है।
‘अभ्यर्थियों को बनाया जा रहा बेवकूफ’
दिलीप कुमार ने कहा कि शिक्षा विभाग और बीपीएससी लगातार अधियाचना में संशोधन का बहाना बनाकर भर्ती प्रक्रिया को टाल रहे हैं। उन्होंने कहा कि अगर कोई संशोधन करना है तो विज्ञापन जारी होने के बाद भी किया जा सकता है, लेकिन पहले नोटिफिकेशन जारी होना चाहिए।उन्होंने कहा कि अब अभ्यर्थियों के धैर्य की सीमा समाप्त हो रही है और यदि जल्द फैसला नहीं लिया गया तो आंदोलन तेज किया जाएगा।
गांधी मूर्ति या गर्दनीबाग में होगा आंदोलन
दिलीप कुमार ने बताया कि पटना में गांधी मूर्ति के पास आमरण अनशन की अनुमति मांगी गई है। अगर वहां अनुमति नहीं मिलती है तो गर्दनीबाग में आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने पूरे बिहार के शिक्षक अभ्यर्थियों से 10 अप्रैल से पटना पहुंचकर आंदोलन में शामिल होने का आह्वान किया है।
पिछले महीने भी हुआ था प्रदर्शन
बता दें कि इससे पहले 18 मार्च को भी पटना में शिक्षक अभ्यर्थियों ने मार्च निकाला था। उस दौरान TRE-4 का नोटिफिकेशन जारी करने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया गया था और पुलिस व प्रदर्शनकारियों के बीच गहमागहमी भी हुई थी।
