चतरा: चतरा जिले के हंटरगंज थाना क्षेत्र में पुलिस ने एंटी क्राइम चेकिंग अभियान के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए चोरी की अपाची बाइक के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया।
पुलिस को देख भागे दोनों युवक
जानकारी के अनुसार, सुमित कुमार अग्रवाल के निर्देश पर पुलिस टीम द्वारा हंटरगंज थाना क्षेत्र के कौलेश्वरी हटवारिया के पास एंटी क्राइम चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान अपाची बाइक पर सवार दो संदिग्ध युवकों को रोकने का प्रयास किया गया।पुलिस को देखते ही दोनों युवक बाइक छोड़कर भागने लगे।
पीछा करने पर एक आरोपी गिरफ्तार
पुलिस टीम ने तुरंत दोनों का पीछा किया। इस दौरान एक युवक अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया, जबकि दूसरे युवक के पैर में भागने के दौरान शीशा लग गया, जिससे वह घायल हो गया और पुलिस ने उसे पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान
गिरफ्तार आरोपी की पहचान विष्णु गंझु (पिता – मोहन गंझु), निवासी कोलवा गांव, जोरी वशिष्ठ नगर थाना क्षेत्र के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि बरामद बाइक चोरी की है और उस पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर चलाया जा रहा था ताकि पुलिस की नजर से बचा जा सके।
मामला दर्ज, आरोपी जेल भेजा गया
पुलिस ने बाइक को जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। इस संबंध में हंटरगंज थाना कांड संख्या 41/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 317(2)/317(5)/3(5) के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की गई है।गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
छापेमारी अभियान में शामिल पुलिस टीम
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी प्रभात कुमार, सहायक अवर निरीक्षक अजय महतो सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी की पहचान कर ली गई है और उसे जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
