Bihar: पुलिस ने 50 लाख का प्रतिबंधित कफ सिरप किया जब्त, मुरादाबाद का तस्कर गिरफ्तार

पटना : बिहार में पूर्ण शराबबंदी के बीच नशे के वैकल्पिक रास्तों पर प्रहार करते हुए पटना पुलिस और मद्यनिषेध इकाई ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। रामकृष्णानगर थाना क्षेत्र में की गई सघन छापेमारी के दौरान पुलिस ने प्रतिबंधित कोडीन युक्त कफ सिरप की एक विशाल खेप बरामद की है। अंतर्राष्ट्रीय बाजार में इस खेप की कीमत लगभग 50 लाख रुपये आंकी जा रही है।

गुप्त सूचना पर मद्यनिषेध टीम की रेड

मद्यनिषेध विभाग को 5 अप्रैल 2026 को सटीक सूचना मिली थी कि एक बड़े कंटेनर के जरिए प्रतिबंधित कफ सिरप की खेप रामकृष्णानगर इलाके में पहुँचाई गई है। सूचना के आधार पर विशेष टीम ने एक ट्रांसपोर्ट गोदाम पर धावा बोला।तलाशी के दौरान पुलिस ने 200 कार्टन में पैक लगभग 30,000 बोतलें (Eskuf Cough Syrup) जब्त कीं।प्राथमिक जांच के अनुसार, इस सिरप को अवैध रूप से स्थानीय बाजारों और युवाओं के बीच नशे के रूप में खपाने की तैयारी थी।

मुरादाबाद का तस्कर गिरफ्तार, कंटेनर जब्त

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से एक आरोपी को दबोचा है, जो इस अवैध नेटवर्क की एक महत्वपूर्ण कड़ी माना जा रहा है। गिरफ्तार युवक 22 वर्षीय मो. जमशेद है, जो उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद का निवासी बताया जा रहा है। तस्करी में इस्तेमाल किया गया भारी मालवाहक कंटेनर (UP21CN 4799) भी पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है।

एक्साइज एक्ट के तहत मामला दर्ज; सिंडिकेट की तलाश

पुलिस ने इस मामले में कांड संख्या 332/26 दर्ज की है।आरोपी के खिलाफ ‘बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद संशोधन अधिनियम 2022’ (Bihar Prohibition and Excise Amendment Act 2022) की विभिन्न सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ में कई अहम सुराग मिले हैं। इस अंतरराज्यीय रैकेट के मास्टरमाइंड और स्थानीय वितरकों की पहचान की जा रही है।पटना पुलिस की इस मुस्तैदी को राज्य में बढ़ते सिंथेटिक नशे और दवाइयों के दुरुपयोग को रोकने की दिशा में एक प्रभावी कदम माना जा रहा है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि नशे के इस नेटवर्क को जड़ से खत्म करने तक अभियान जारी रहेगा।

Exit mobile version