Bihar: दरभंगा से बेंगलुरु के लिए सीधी उड़ान शुरू, अब यात्रियों को नहीं लगाना पड़ेगा पटना-कोलकाता का चक्कर

दरभंगा: बिहार के दरभंगा एयरपोर्ट से रविवार से देश के प्रमुख आईटी हब बेंगलुरु के लिए सीधी हवाई सेवा की शुरुआत हो गई है। इस नई सेवा के शुरू होने से अब यात्रियों को बेंगलुरु जाने के लिए पटना या कोलकाता के रास्ते नहीं जाना पड़ेगा, बल्कि वे सीधे दरभंगा से उड़ान भर सकेंगे।इस अवसर पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और विधायक संजय सरावगी ने क्षेत्र के लोगों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह पूरे मिथिलांचल और बिहार के लिए गर्व का क्षण है।
बिहार की तरक्की की दिशा में बड़ा कदम
संजय सरावगी ने कहा कि दरभंगा को सीधे बेंगलुरु से जोड़ना बिहार की प्रगति की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।उन्होंने कहा,“दरभंगा से बेंगलुरु की सीधी उड़ान शुरू होने से क्षेत्र के युवाओं और व्यापारियों को बड़ी सुविधा मिलेगी। इससे रोजगार, शिक्षा और व्यापार के नए अवसर खुलेंगे।”
पीएम मोदी को दिया श्रेय
संजय सरावगी ने इस पहल का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को देते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में शुरू की गई उड़ान योजना ने बिहार के छोटे शहरों को देश के बड़े महानगरों से जोड़ने का काम किया है।उन्होंने कहा कि दरभंगा एयरपोर्ट आज उत्तर बिहार की लाइफलाइन बन चुका है और इससे क्षेत्र के विकास को नई गति मिली है।
छात्रों और आईटी प्रोफेशनल्स को बड़ी राहत
दरभंगा से बेंगलुरु के बीच सीधी उड़ान शुरू होने से वहां पढ़ाई कर रहे छात्रों और आईटी कंपनियों में काम करने वाले युवाओं को घर आने-जाने में काफी आसानी होगी।इसके अलावा, व्यापारियों को भी नए बाजार और निवेश के अवसर मिलेंगे।
अकासा एयर की फ्लाइट सप्ताह में सातों दिन
दरभंगा से बेंगलुरु के लिए अकासा एयर की सीधी उड़ान सप्ताह के सातों दिन उपलब्ध रहेगी। विभिन्न ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर टिकट की बुकिंग भी शुरू हो चुकी है।
फ्लाइट का समय
बेंगलुरु से उड़ान: सुबह 9:40 बजे
दरभंगा आगमन: दोपहर 12:15 बजे
दरभंगा से प्रस्थान: 12:50 बजे
बेंगलुरु आगमन: 3:30 बजे
पहले स्पाइसजेट देती थी सेवा
गौरतलब है कि इससे पहले स्पाइसजेट दरभंगा और बेंगलुरु के बीच सीधी उड़ान सेवा संचालित करती थी, लेकिन बीच-बीच में सेवा बंद होने से यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता था। पिछले कई महीनों से दोनों शहरों के बीच विमान सेवा ठप थी।अब अकासा एयर की नई उड़ान सेवा शुरू होने से दरभंगा सहित आसपास के कई जिलों के लोगों को बड़ी राहत मिली है।



