Jharkhand INFACTNews

Jharkhand: खण्डामौदा पेट्रोल पंप के पास ट्रक ने टेंपो को मारी टक्कर, चालक की मौत सहित 5 घायल

बहरागोड़ा : पूर्वी सिंहभूम जिले के बहरागोड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत खण्डामौदा पेट्रोल पंप के समीप बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना हुई। एक तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक ने सवारी ले जा रहे टेंपो को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में टेंपो चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि टेंपो में सवार पांच अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। मृतक की पहचान खण्डामौदा निवासी हाराधन पाईकिरा (35 वर्ष) के रूप में हुई है।

पीछे से ट्रक ने मारी टक्कर, सिर पर चढ़ा पहिया

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना बुधवार सुबह की है जब हाराधन पाईकिरा अपने टेंपो में सवारियां बैठाकर गोपीबल्लापुर की ओर जा रहे थे। खण्डामौदा पेट्रोल पंप के सामने पीछे से आ रहे एक भारी ट्रक ने टेंपो को जोरदार धक्का मार दिया। टक्कर इतनी तेज थी कि टेंपो असंतुलित होकर पलट गया। टेंपो पलटने के दौरान चालक हाराधन दाहिनी ओर सड़क पर गिर पड़े। इसी बीच ट्रक का पिछला पहिया उनके सिर के ऊपर से गुजर गया, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

5 यात्री गंभीर रूप से घायल, अस्पताल में भर्ती

हादसे के वक्त टेंपो के अंदर कुल पांच लोग सवार थे। टेंपो पलटने के कारण सभी यात्री वाहन के भीतर फंस गए और बुरी तरह चोटिल हो गए। दुर्घटना के तुरंत बाद आसपास के ग्रामीण और पेट्रोल पंप के कर्मचारी मौके पर पहुँचे। उन्होंने कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को बाहर निकाला।सभी घायलों को तत्काल बहरागोड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है, जहाँ डॉक्टरों की टीम उनका उपचार कर रही है। कुछ की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।

आरोपी ट्रक चालक फरार, पुलिस जांच में जुटी

सूचना मिलते ही बरसोल थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुँची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस पेट्रोल पंप और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि फरार ट्रक की पहचान की जा सके और चालक को गिरफ्तार किया जा सके।खण्डामौदा निवासी हाराधन की मौत की खबर फैलते ही पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। ग्रामीणों ने मृतक के परिजनों के लिए उचित मुआवजे और क्षेत्र में वाहनों की रफ्तार पर अंकुश लगाने की मांग की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button