
कोलकाता : इंडियन प्रीमियर लीग 2026 में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ होने वाले महत्वपूर्ण मुकाबले से पहले कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए मुश्किलें खड़ी हो गई हैं। टीम के हेड कोच अभिषेक नायर ने ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर कैमरन ग्रीन की फिटनेस को लेकर एक ऐसी अपडेट दी है, जिसने फैंस की धड़कनें बढ़ा दी हैं। ₹25.2 करोड़ की भारी-भरकम राशि में खरीदे गए ग्रीन फिलहाल गेंदबाजी करने की स्थिति में नहीं हैं।
लोअर बैक इंजरी बनी विलेन; 10-12 दिन का इंतजार
ईडन गार्डन्स में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अभिषेक नायर ने पुष्टि की कि कैमरन ग्रीन लोअर बैक इंजरी (पीठ के निचले हिस्से की चोट) से जूझ रहे हैं। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की मेडिकल टीम की सलाह के अनुसार, ग्रीन अगले 10 से 12 दिनों तक गेंदबाजी नहीं कर पाएंगे।नायर ने इसे ‘दुर्भाग्यपूर्ण’ बताते हुए कहा कि टीम को उनकी गेंदबाजी की कमी खलेगी, हालांकि वे एक बल्लेबाज के तौर पर टीम का हिस्सा बने रह सकते हैं।
आंद्रे रसेल की ‘विरासत’ के वारिस हैं ग्रीन
अभिषेक नायर ने नीलामी की रणनीति का खुलासा करते हुए बताया कि ग्रीन को टीम में शामिल करने के पीछे एक लंबी योजना थी। टीम मैनेजमेंट ग्रीन को दिग्गज ऑलराउंडर आंद्रे रसेल के उत्तराधिकारी के रूप में देख रहा है। नायर ने कहा, “नीलामी के दौरान हमारे दिमाग में साफ था कि अगर रसेल उपलब्ध नहीं होते हैं, तो उनकी जगह कौन ले सकता है। हमें लगा कि कैमरन ग्रीन वह खिलाड़ी हैं जो रसेल की विरासत को आगे बढ़ा सकते हैं।”
आउट ऑफ फॉर्म वरुण चक्रवर्ती को मिला समर्थन
लगातार खराब फॉर्म से जूझ रहे मिस्ट्री स्पिनर वरुण चक्रवर्ती का बचाव करते हुए हेड कोच ने उन पर पूरा भरोसा जताया है। नायर ने कहा “वरुण मानसिक रूप से मजबूत स्थिति में हैं। यह उनके करियर का सबसे कठिन समय नहीं है, उन्होंने इससे भी बड़ी चुनौतियों का सामना किया है। हमें पूरा यकीन है कि वह जल्द ही अपनी लय हासिल कर वापसी करेंगे।”
2 अप्रैल को सनराइजर्स हैदराबाद से भिड़ंत: कोलकाता नाइट राइडर्स का संभावित संतुलन
कल यानी 2 अप्रैल को ईडन गार्डन्स में कोलकाता नाइट राइडर्स का सामना सनराइजर्स हैदराबाद से होना है। ग्रीन की गेंदबाजी न कर पाने की स्थिति में कप्तान अजिंक्य रहाणे को टीम संतुलन बनाने के लिए रमनदीप सिंह या अनुकूल रॉय जैसे खिलाड़ियों पर निर्भर रहना पड़ सकता है।
कोलकाता नाइट राइडर्स का अपडेटेड स्क्वाड :
अजिंक्य रहाणे (कप्तान), रिंकू सिंह (उप-कप्तान), कैमरन ग्रीन, सुनील नारायण, रचिन रवींद्र, वरुण चक्रवर्ती, फिन एलन, मनीष पांडे, रोवमैन पॉवेल, अंगकृष रघुवंशी, रमनदीप सिंह, टिम सीफर्ट, राहुल त्रिपाठी, वैभव अरोड़ा, उमरान मलिक, कार्तिक त्यागी व अन्य।



