Jharkhand INFACTNews

Jharkhand: रामगढ़ में जेईई परीक्षा में सेटिंग कराने वाले गैंग का भंडाफोड़, तीन गिरफ्तार

रामगढ़: नेशनल टेस्टिंग एजेंसी द्वारा आयोजित होने वाली देश की प्रतिष्ठित इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा जेईई-मेंस में बड़े पैमाने पर सेटिंग करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का रामगढ़ पुलिस ने पर्दाफाश किया है। राधा गोविंद विश्वविद्यालय में परीक्षा शुरू होने से पहले ही सिस्टम हैक करने और कंप्यूटर बदलने की साजिश को पुलिस और विश्वविद्यालय प्रबंधन की सतर्कता ने विफल कर दिया।

एसपी और डीसी की त्वरित कार्रवाई: जांच कमेटी गठित

रामगढ़ एसपी अजय कुमार की सक्रियता से गिरोह के तीन सदस्य रंगे हाथ धरे गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीसी फ़ैज़ अहमद मुमताज ने तत्काल एक उच्चस्तरीय जांच कमेटी गठित कर दी है और पूरे गोरखधंधे की विस्तृत रिपोर्ट मांगी है।

कैसे रची गई साजिश: टीसीएस कर्मचारियों की मिलीभगत?

2 अप्रैल से 8 अप्रैल तक चलने वाली इस परीक्षा के लिए टीसीएस को जिम्मेदारी सौंपी गई थी। रविवार को टीसीएस का कर्मचारी राजेश ठाकुर अपने साथियों के साथ विश्वविद्यालय के कंप्यूटर लैब में बिना अनुमति घुसा। गैंग ने चुनिंदा अभ्यर्थियों को पास कराने के लिए लैब के असली कंप्यूटरों को बदलकर उनमें विशेष सॉफ्टवेयर और हार्डवेयर इंस्टॉल करना शुरू कर दिया। गिरफ्तार दिनेश महतो ने खुलासा किया कि लैब का सिस्टम बदलने और सेटिंग करने के लिए प्रति मॉनिटर 10 हजार रुपये की राशि तय हुई थी। अभ्यर्थियों से इसके बदले लाखों रुपये की वसूली की गई थी।

फिल्मी अंदाज में भागने की कोशिश, गार्ड ने घेरा

विश्वविद्यालय के कर्मचारियों को शक होने पर जब कैंपस इंचार्ज संजीव कुमार सिंह और कुलसचिव को सूचना दी गई, तो गिरोह में भगदड़ मच गई। टीसीएस कर्मचारी राजेश ठाकुर और रवि शंकर बाउंड्री फांदकर भागने में सफल रहे।आरोपी सूरज कुमार अपनी फॉर्च्यूनर गाड़ी (WB 39 E 5455) लेकर भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन मुस्तैद गार्ड ने मुख्य दरवाजा बंद कर उसे दबोच लिया।पुलिस ने मौके से 70 कंप्यूटर, 3 राउटर, 1 सीपीयू, 4 मोबाइल फोन और फॉर्च्यूनर गाड़ी ज़ब्त की है।

ये हुए गिरफ्तार:

दिनेश कुमार महतो: विश्वविद्यालय का टेक्नीशियन (कोठार, रामगढ़)।

शकिर अंसारी: ओरमांझी (रांची) निवासी।

सूरज कुमार सिंह: मकेर (सारन, बिहार) निवासी।

प्राथमिकी दर्ज, फरार आरोपियों की तलाश तेज

विश्वविद्यालय के कुलसचिव निर्मल कुमार मंडल की लिखित शिकायत पर रामगढ़ थाने में टीसीएस कर्मचारियों और गाड़ी मालिक समेत कई लोगों पर एफआईआर (प्राथमिकी) दर्ज की गई है। पुलिस की टीमें अब फरार मास्टरमाइंड राजेश ठाकुर और रवि शंकर की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही हैं। इस कार्रवाई से पूरे राज्य के परीक्षा केंद्रों और प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मच गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button