Jharkhand INFACTNews

Jharkand: देवरी मंदिर जा रहे 3 दोस्तों की बाइक को अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर, 2 की मौत

जमशेदपुर: लौहनगरी जमशेदपुर से एक दिल दहला देने वाली सड़क दुर्घटना सामने आई है। जन्मदिन का जश्न मनाने के लिए घर से निकले तीन दोस्तों की बाइक को चांडिल के पास एक अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक दोस्त बाल-बाल बच गया। मृतक अमन कुमार का कल ही जन्मदिन था, जिसे मनाने वे सभी मंदिर जा रहे थे।

देवरी मंदिर जाने के दौरान हुआ हादसा

घटनाक्रम के अनुसार, सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के बारीडीह बजरंग चौक निवासी अमन कुमार (जन्मदिन वाला युवक) और विकास रजक अपने दोस्त कैप्टन शर्मा के साथ देर रात बाइक पर सवार होकर तमाड़ स्थित देवरी मंदिर जा रहे थे।तीनों दोस्त एक ही बाइक पर सवार थे, जिसे कैप्टन शर्मा चला रहे थे। जैसे ही वे चांडिल क्षेत्र में पहुँचे, पीछे से आ रहे एक अनियंत्रित और अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को कुचल दिया।टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और एम्बुलेंस बुलाई।

अस्पताल पहुँचने से पहले ही तोड़ा दम

हादसे के बाद पुलिस ने तीनों को आनन-फानन में जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल पहुँचाया, जहाँ डॉक्टरों ने जांच के बाद अमन कुमार और विकास रजक को मृत घोषित कर दिया। वहीं, बाइक चला रहे कैप्टन शर्मा को मामूली चोटें आईं और उनकी जान बच गई।अमन ट्रांसपोर्ट का काम करता था, जबकि विकास एक निजी फाइनेंस कंपनी में कार्यरत था। जिस घर में जन्मदिन के केक कटने की तैयारी थी, वहां अब चीख-पुकार मची हुई है।
चांडिल और सिदगोड़ा पुलिस मामले की संयुक्त जांच कर रही है। दुर्घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला जा रहा है ताकि अज्ञात वाहन और उसके चालक की पहचान की जा सके।

सुरक्षा पर सवाल: ‘ट्रिपल लोडिंग’ और रात का सफर

इस हादसे ने एक बार फिर रात के समय हाईवे पर चलने वाले वाहनों की सुरक्षा और यातायात नियमों की अनदेखी पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस ने युवाओं से अपील की है कि वे बाइक पर ट्रिपल लोडिंग न करें और रात के समय लंबी दूरी के सफर में विशेष सावधानी बरतें।चांडिल थाना प्रभारी ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया की जा रही है। अज्ञात वाहन के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button