Jharkhand INFACTNews

Jharkhand:प्रथम ‘खेलो इंडिया ट्रायबल गेम्स’ के लिए लालू कालुंडिया का चयन, झारखंड की ओर से 5000 और 10,000 मीटर में दिखाएंगे दमखम

चाईबासा : खेल की दुनिया से पश्चिमी सिंहभूम जिले के लिए एक बड़ी और सुखद खबर सामने आई है। भारत सरकार के खेल एवं युवा मंत्रालय और छत्तीसगढ़ सरकार के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होने वाले ‘प्रथम खेलो इंडिया ट्रायबल गेम्स’ के लिए जिले के उभरते हुए धावक लालू कालुंडिया का चयन झारखंड राज्य की टीम में किया गया है।

रायपुर और जगदलपुर में सजेगा खेलों का महाकुंभ

छत्तीसगढ़ में 25 मार्च से 3 अप्रैल तक चलने वाली इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता का आयोजन रायपुर, जगदलपुर और सरगुजा के विभिन्न खेल परिसरों में किया जा रहा है।लालू कालुंडिया एथलेटिक्स की दो सबसे कठिन स्पर्धाओं— 5000 मीटर और 10,000 मीटर दौड़ में झारखंड का प्रतिनिधित्व करेंगे।खास बात यह है कि पश्चिमी सिंहभूम जिले से वह राज्य टीम में जगह बनाने वाले एकमात्र खिलाड़ी हैं।

जिला ओलंपिक संघ और खेल प्रेमियों में उत्साह

लालू की इस राष्ट्रीय स्तर की उपलब्धि पर जिले के खेल जगत में खुशी की लहर है। पश्चिमी सिंहभूम जिला ओलंपिक और एथलेटिक्स संघ के पदाधिकारियों ने उन्हें जीत की अग्रिम शुभकामनाएं दी हैं। मुख्य संरक्षक और मंत्री दीपक बिरुआ, सांसद जोबा माझी, विधायक जगत माझी और मुकुंद रुंगटा ने लालू को बधाई दी। जिला एथलेटिक्स संघ के अध्यक्ष नितिन प्रकाश, उपाध्यक्ष नीरज संदवार और महासचिव अजय नायक ने कहा कि लालू की मेहनत ने आज जिले को राष्ट्रीय पटल पर पहचान दिलाई है।

आदिवासी प्रतिभाओं को मिलेगा वैश्विक मंच

खेलो इंडिया ट्रायबल गेम्स का मुख्य उद्देश्य देश के जनजातीय क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं को निखारना और उन्हें मुख्यधारा के खेलों से जोड़ना है। लालू कालुंडिया का चयन चाईबासा और कोल्हान के अन्य उभरते खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगा।संयुक्त सचिव काश्मीर कांडेयांग, ओंकार महतो और संजीव समेत जिले के तमाम खेल प्रेमियों ने उम्मीद जताई है कि लालू छत्तीसगढ़ के मैदान पर पदक जीतकर झारखंड का नाम रोशन करेंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button