Jharkhand INFACTNews

Jharkhand: धनबाद के बलियापुर में उपद्रवियों का निकाला गया ‘पैदल परेड’, 18 आरोपी गिरफ्तार कर भेजे गए जेल

धनबाद : रामनवमी के पावन अवसर पर शांति व्यवस्था भंग करने की कोशिश करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ धनबाद पुलिस ने ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाई है। बलियापुर थाना क्षेत्र में माहौल बिगाड़ने और उपद्रव मचाने वाले 18 नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर शनिवार को जेल भेज दिया गया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उपद्रवियों का बाजार में पैदल परेड भी कराया, ताकि कानून का खौफ कायम हो सके।

उपद्रवियों में कानून का डर: बाजार में कराया ‘पैदल मार्च’

पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों को बलियापुर बाजार और भिखराजपुर के मुख्य मार्गों पर पैदल मार्च कराया।इस कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य जनता के बीच सुरक्षा का भरोसा जगाना और असामाजिक तत्वों को यह संदेश देना था कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के लिए कोई जगह नहीं है।पैदल परेड के दौरान पुलिस बल की भारी तैनाती रही, जिससे इलाके के व्यापारियों और आम लोगों ने राहत की सांस ली।

40 से अधिक नामजद, छापेमारी जारी: सिटी एसपी

मामले की गंभीरता को देखते हुए सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव ने मीडिया को विस्तृत जानकारी दी। सिटी एसपी ने बताया कि मामले में कुल 40 से अधिक लोगों को नामजद किया गया है। सीसीटीवी फुटेज और चश्मदीदों के आधार पर अन्य आरोपियों की पहचान की जा रही है। फिलहाल 18 आरोपियों को सलाखों के पीछे भेज दिया गया है। पुलिस की विशेष टीमें अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही हैं।पुलिस अधिकारी ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में अब स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और शांति बहाल कर दी गई है।

‘अशांति फैलाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा’

धनबाद पुलिस प्रशासन ने चेतावनी जारी की है कि त्योहारों के दौरान सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वालों से कड़ाई से निपटा जाएगा। अफवाह फैलाने या हिंसा भड़काने वालों के खिलाफ सीधे जेल भेजने की कार्रवाई की जाएगी।

“कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ हमारी कार्रवाई जारी रहेगी। बलियापुर की घटना में शामिल हर एक आरोपी को सजा मिलेगी।” — ऋत्विक श्रीवास्तव, सिटी एसपी (धनबाद)

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button