
चेन्नई : इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के रोमांचक आगाज के बीच चेन्नई सुपर किंग्स के कैंप से एक चिंताजनक खबर आई है। टीम के दिग्गज खिलाड़ी और पूर्व कप्तान एमएस धोनी चोट के कारण टूर्नामेंट के शुरुआती मुकाबलों से बाहर हो गए हैं। शनिवार, 28 मार्च की सुबह सीएसके फ्रैंचाइजी ने आधिकारिक बयान जारी कर पुष्टि की है कि धोनी अगले दो हफ्तों तक मैदान पर नजर नहीं आएंगे।
‘काफ स्ट्रेन’ से जूझ रहे हैं धोनी
आधिकारिक जानकारी के अनुसार, 44 वर्षीय धोनी ‘काफ स्ट्रेन’ यानी पैर की मांसपेशियों में खिंचाव की समस्या से जूझ रहे हैं।धोनी फिलहाल इस चोट से उबरने के लिए रिहैब प्रक्रिया से गुजर रहे हैं।पिछले कुछ सीजन से धोनी घुटने की समस्या से भी परेशान रहे हैं, जिसकी उन्होंने 2024 सीजन के बाद सर्जरी भी कराई थी। हालांकि, इस बार समस्या मांसपेशियों में खिंचाव की है।
इन 3 बड़े मुकाबलों में नहीं खेलेंगे धोनी
अगर धोनी अगले 14 दिनों तक बाहर रहते हैं, तो सीएसके को अपने शुरुआती तीन अहम मैचों में उनके बिना ही उतरना होगा।
30 मार्च बनाम राजस्थान रॉयल्स: सीजन का पहला मैच गुवाहाटी के बरसापारा स्टेडियम में खेला जाएगा।
03 अप्रैल बनाम पंजाब किंग्स: चेन्नई के चेपॉक स्टेडियम में होने वाला यह टीम का पहला होम मैच होगा।
05 अप्रैल बनाम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु: बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में होने वाले इस हाई-वोल्टेज मैच में भी धोनी की कमी खलेगी।
उनकी संभावित वापसी 11 अप्रैल को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ होने वाले मुकाबले में हो सकती है।
कौन संभालेगा विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी?
धोनी की अनुपस्थिति में सीएसके के लिए विकेटकीपिंग का विकल्प अब साफ नजर आ रहा है। हाल ही में राजस्थान रॉयल्स से ट्रेड होकर आए संजू सैमसन शुरुआती मैचों में दस्ताने थाम सकते हैं। धोनी की जगह फिनिशर की भूमिका में टीम को कुछ बदलाव करने पड़ सकते हैं, जिसमें शिवम दुबे और अन्य युवाओं पर बड़ी जिम्मेदारी होगी।चेन्नई सुपर किंग्स के प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि वे धोनी की फिटनेस के साथ कोई जोखिम नहीं उठाना चाहते और उन्हें पूरी तरह फिट होने के बाद ही प्लेइंग इलेवन में शामिल किया जाएगा।



