NewsUP INFACT

Uttar Pradesh: क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी, डॉग स्क्वायड और बम निरोधक दस्ते ने की घंटों छानबीन

बरेली : उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब प्रियदर्शनी नगर स्थित क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय को बम से उड़ाने का धमकी भरा ईमेल प्राप्त हुआ। आधिकारिक मेल आईडी पर आए इस संदेश ने विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों के होश उड़ा दिए। सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत हरकत में आ गईं।

कार्यालय खाली कराया, आवेदकों में मची दहशत

ईमेल की जानकारी मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी भारी बल के साथ मौके पर पहुँचे। एहतियात के तौर पर पासपोर्ट बनवाने आए सैकड़ों आवेदकों और वहां कार्यरत कर्मचारियों को तुरंत सुरक्षित बाहर निकाला गया।पुलिस ने पूरे बिल्डिंग को चारों ओर से घेर लिया और आसपास के क्षेत्र में भी आवाजाही रोक दी गई। मौके पर बुलाए गए डॉग स्क्वायड और बम निरोधक दस्ते ने बिल्डिंग के चप्पे-चप्पे की तलाशी ली।

2 घंटे तक चला सर्च ऑपरेशन: ‘होक्स’ निकला बम का खतरा

जांच टीम ने संयुक्त रूप से कार्यालय के हॉल, कमरों, वॉशरूम, पार्किंग और वेटिंग एरिया में गहन तलाशी अभियान चलाया। करीब दो घंटे तक चली बारीकी से छानबीन के बाद टीम को परिसर के भीतर कोई भी संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई। बम की सूचना के कारण कार्यालय का कामकाज पूरी तरह ठप रहा। दहशत के साये में कर्मचारी और अफसर कमरों से बाहर खड़े रहे।पुलिस द्वारा सुरक्षा जांच पूरी करने और परिसर को सुरक्षित घोषित करने के बाद ही दोबारा कामकाज शुरू हो सका।

साइबर सेल की रडार पर ‘ईमेल का सोर्स’

पुलिस अब इस बात की तफ्तीश कर रही है कि यह धमकी भरा ईमेल कहाँ से और किसने भेजा है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, ईमेल के आईपी एड्रेस और सोर्स का पता लगाने के लिए साइबर सेल को जिम्मेदारी सौंपी गई है।पुलिस का कहना है कि यह किसी की शरारत हो सकती है, लेकिन सुरक्षा मानकों के साथ कोई समझौता नहीं किया जाएगा। आरोपी की पहचान कर उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button