Bengal INFACTNews

Bengal: पश्चिम बंगाल चुनाव से पहले सीएम ममता बनर्जी ने इन पदों से दिया इस्तीफा, जानिए क्या है वजह

कोलकाता/जलपाईगुड़ी : पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव की आहट के साथ ही मुख्यमंत्री और टीएमसी सुप्रीमो ममता बनर्जी पूरी तरह ‘इलेक्शन मोड’ में आ गई हैं। मंगलवार को ममता बनर्जी ने एक बड़ा संवैधानिक कदम उठाते हुए 23 विभिन्न सरकारी कमेटियों और संस्थाओं से इस्तीफा दे दिया। वहीं, उत्तर बंगाल के जलपाईगुड़ी में एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने विपक्ष पर तीखा प्रहार किया।

‘ऑफिस ऑफ प्रॉफिट’ से बचने के लिए बड़ा फैसला

चुनाव नियमों की कड़ाई को देखते हुए ममता बनर्जी ने प्रशासनिक पदों से दूरी बनाई है।अधिकारियों के अनुसार, ममता बनर्जी कई बोर्ड, काउंसिल और कमीशन की चेयरपर्सन या सदस्य थीं। चूंकि ये पद ‘ऑफिस ऑफ प्रॉफिट’ (लाभ के पद) की श्रेणी में आ सकते हैं, इसलिए नामांकन से पहले अयोग्यता से बचने के लिए उन्होंने यह सामूहिक इस्तीफा दिया है। चुनाव लड़ने वाले किसी भी उम्मीदवार को नामांकन पत्र भरने से पहले ऐसे पदों को छोड़ना अनिवार्य होता है। हालांकि, वे मुख्यमंत्री और मंत्री पद की अपनी जिम्मेदारियों को निभाती रहेंगी।

जलपाईगुड़ी में भावुक संदेश: “मैं साधारण इंसान हूं”

मंगलवार को जलपाईगुड़ी की जनसभा में ममता बनर्जी ने जनता से सीधा संवाद किया। उन्होंने खुद को राज्य की जनता का सेवक बताते हुए एक भावुक संदेश दिया । ममता ने कहा, “मैं एक साधारण इंसान हूं और सभी धर्मों का सम्मान करती हूं। दुर्गा पूजा से लेकर ईद तक, मैं हर उत्सव में आपके साथ खड़ी रहती हूं।”मुख्यमंत्री ने अपनी प्रमुख योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि ‘लक्ष्मी भंडार’ और ‘कन्याश्री’ जैसी योजनाओं ने बंगाल की महिलाओं और बेटियों के जीवन में मुस्कान लाई है।

“मैं जो कहती हूं, कर दिखाती हूं”

विपक्ष पर निशाना साधते हुए ममता बनर्जी ने अपने चिर-परिचित अंदाज में कहा कि राजनीति वादों का खेल नहीं, बल्कि सेवा का माध्यम है।

“कई लोग वादे करके भूल जाते हैं, लेकिन ममता जो कहती है, वो करके दिखाती है। मेरी असली शक्ति कोई ऊंचा पद नहीं, बल्कि बंगाल की जनता का प्यार है। जो लोग हमें धर्म के आधार पर बांटना चाहते हैं, उन्हें जनता करारा जवाब देगी।” — ममता बनर्जी, मुख्यमंत्री (पश्चिम बंगाल )

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button