Entertainment:थिएटर के बाद अब ओटीटी पर आएगी ‘भाबीजी घर पर हैं’ फिल्म, जानें कब और कहां देख पाएंगे

Bollywood: छोटे पर्दे का सबसे लोकप्रिय कॉमेडी शो ‘भाबीजी घर पर हैं’ एक बार फिर अपने प्रशंसकों का मनोरंजन करने के लिए तैयार है। शो की जबरदस्त कामयाबी के बाद बनी इसकी स्पिन-ऑफ फिल्म ‘भाबीजी घर पर हैं: फन ऑन द रन’ अब ओटीटी प्लेटफॉर्म पर दस्तक देने जा रही है। मेकर्स ने फिल्म की रिलीज डेट का आधिकारिक ऐलान कर दिया है, जिससे फैंस के बीच उत्साह बढ़ गया है।
3 अप्रैल को ‘जी5’ पर होगा धमाका
फिल्म के मेकर्स ने सोशल मीडिया पर एक मजेदार पोस्टर साझा करते हुए फिल्म की ओटीटी रिलीज की जानकारी दी है। यह फिल्म ZEE5 पर स्ट्रीम की जाएगी।प्रशंसक 3 अप्रैल से इस कॉमेडी एडवेंचर का आनंद उठा सकेंगे। पोस्टर के साथ कैप्शन में लिखा गया, “मॉडर्न कॉलोनी की टोली निकल पड़ी है फन ऑन द रन के लिए, सही पकड़े हैं!”
थिएटर के बाद अब डिजिटल प्लेटफॉर्म की बारी
बता दें कि इस फिल्म को 6 फरवरी को सिनेमाघरों में रिलीज किया गया था। हालांकि, बड़े पर्दे पर इसे उम्मीद के मुताबिक रिस्पॉन्स नहीं मिल पाया था। अब मेकर्स को उम्मीद है कि ओटीटी पर इसे दर्शकों का भरपूर प्यार मिलेगा। फिल्म का निर्देशन शशांक बाली ने किया है, जो शो की बारीकियों को बखूबी समझते हैं। फिल्म में वही पुराने और चहेते किरदार नजर आएंगे, जिन्हें दर्शक पिछले कई सालों से पसंद कर रहे हैं। इसमें कॉमेडी के साथ-साथ ‘एडवेंचर’ का तड़का भी लगाया गया है।
2500 एपिसोड का शानदार सफर
‘भाबीजी घर पर हैं’ की शुरुआत साल 2015 में हुई थी। अपनी अनोखी कहानी और संवादों के दम पर यह शो हर घर का हिस्सा बन गया।शो की लोकप्रियता को देखते हुए 2019 में इसका स्पिन-ऑफ शो ‘हप्पू की उलटन पलटन’ शुरू किया गया, जिसे भी दर्शकों ने खूब सराहा।हाल ही में इस शो ने 2500 एपिसोड पूरे कर भारतीय टेलीविजन इतिहास में एक बड़ा कीर्तिमान स्थापित किया है।अगर आपने भी भागदौड़ भरी जिंदगी के बीच इस फिल्म को सिनेमाघरों में मिस कर दिया है, तो 3 अप्रैल से अपने पूरे परिवार के साथ घर बैठे हंसी के इन ठहाकों का मजा ले सकते हैं।



