
आगरा/मुंबई : बॉलीवुड के मशहूर फिल्म निर्माता रोहित शेट्टी के मुंबई स्थित आवास पर हुई फायरिंग मामले में पुलिस को एक बड़ी कामयाबी मिली है। उत्तर प्रदेश एसटीएफ और मुंबई क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने शनिवार दोपहर आगरा से वांछित आरोपी प्रदीप शर्मा उर्फ गोलू को धर दबोचा। आरोपी पिछले डेढ़ महीने से पुलिस को चकमा देकर फरार चल रहा था।
आगरा के बाह इलाके से हुई गिरफ्तारी
मुंबई क्राइम ब्रांच को गुप्त सूचना मिली थी कि फायरिंग का मुख्य आरोपी आगरा के बाह थाना क्षेत्र में छिपा हुआ है। यूपी एसटीएफ के साथ मिलकर टीम ने शनिवार दोपहर करीब 3:50 बजे दबिश दी और घेराबंदी कर प्रदीप को गिरफ्तार कर लिया। 23 वर्षीय प्रदीप शर्मा आगरा के महावीर नगर इलाके का रहने वाला है। वह पहले भी अवैध हथियारों के साथ पकड़ा जा चुका है और जेल की हवा खा चुका है।
1 फरवरी की रात ‘शेट्टी टॉवर’ पर बरसी थीं गोलियां
बता दें कि 1-2 फरवरी 2026 की दरमियानी रात मुंबई स्थित रोहित शेट्टी के आवास ‘शेट्टी टॉवर’ पर मोटरसाइकिल सवार अपराधियों ने अंधाधुंध फायरिंग की थी जांच में सामने आया कि इस हमले के पीछे कुख्यात अपराधी शुभम लोणकर गैंग का हाथ था।पुलिस के अनुसार, गैंग का उद्देश्य बॉलीवुड फिल्म इंडस्ट्री में दहशत फैलाना और नामी हस्तियों से मोटी रंगदारी वसूलना था।
सोशल मीडिया से बना ‘क्रिमिनल’
पूछताछ के दौरान प्रदीप ने चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। उसने बताया कि वह सोशल मीडिया पर शुभम लोणकर गैंग के पोस्ट और रील्स देखकर उनसे प्रभावित हुआ था। गैंग की ‘लाइफस्टाइल’ और रसूख देखकर उसने उनसे संपर्क किया और अपराध की दुनिया में कदम रख दिया। प्रदीप गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था।
मुंबई ले गई पुलिस, ट्रांजिट रिमांड मंजूर
आगरा कोर्ट में पेशी के बाद मुंबई क्राइम ब्रांच ने प्रदीप शर्मा की ट्रांजिट रिमांड हासिल कर ली है।पुलिस अब उसे मुंबई ले जाकर गहन पूछताछ करेगी ताकि गैंग के अन्य सदस्यों और भविष्य की साजिशों का पता लगाया जा सके।इस मामले में शामिल कई अन्य शूटरों और मददगारों को पुलिस 15 फरवरी 2026 को ही गिरफ्तार कर चुकी है।
“यह एक संगठित अपराध का मामला है। यूपी एसटीएफ और मुंबई पुलिस के बेहतर समन्वय के कारण यह गिरफ्तारी संभव हो पाई है। हम शुभम लोणकर गैंग के पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने की दिशा में काम कर रहे हैं।” — पुलिस महानिरीक्षक, यूपी एसटीएफ



