Bihar: चिराग पासवान बोले ‘बंगाल में बनेगी हमारी सरकार, राज्यसभा की पांचों सीटों पर एनडीए की होगी जीत

पटना: केंद्रीय मंत्री और लोजपा (रामविलास) के प्रमुख चिराग पासवान ने आगामी विधानसभा चुनावों और बिहार में हुए राज्यसभा चुनाव को लेकर बड़ा दावा किया है। पटना में मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि इस बार पांच राज्यों के चुनावी समीकरण एनडीए के पक्ष में हैं और भारतीय जनता पार्टी अपने सहयोगियों के साथ मिलकर पश्चिम बंगाल में ऐतिहासिक जीत दर्ज करेगी।
बंगाल और असम को लेकर बड़ा दावा
चिराग पासवान ने पांच राज्यों (असम, पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, केरल और पुडुचेरी) में होने वाले चुनावों पर अपनी राय रखते हुए कहा बंगाल में ममता बनर्जी के शासन से जनता त्रस्त है। जिस तरह का काम वहां हुआ है, उससे लोग परेशान हैं। इस बार बंगाल में बदलाव निश्चित है और हमारी सरकार बनेगी। चिराग ने विश्वास जताया कि असम में विकास की लहर के दम पर एनडीए फिर से सत्ता में वापसी करेगी।उन्होंने तमिलनाडु और केरल जैसे राज्यों में भी एनडीए की स्थिति को पहले से काफी बेहतर और मजबूत बताया।
राज्यसभा चुनाव: “5-0 से जीतेगा एनडीए”
बिहार की 5 राज्यसभा सीटों पर हुए मतदान के बीच चिराग पासवान ने आत्मविश्वास दिखाते हुए कहा कि एनडीए के सभी पांचों उम्मीदवार राज्यसभा पहुंचेंगे।
“राज्यसभा की पांचों सीटों पर हमारी जीत तय है। विपक्ष चाहे जितने भी दावे कर ले, संख्या बल और एकजुटता एनडीए के साथ है।” — चिराग पासवान
बिहार राज्यसभा चुनाव के मुख्य समीकरण
गौरतलब है कि बिहार की 5 सीटों के लिए एनडीए की ओर से नीतीश कुमार, नितिन नवीन , रामनाथ ठाकुर , शिवेश कुमार और उपेंद्र कुशवाहा मैदान में थे। चिराग पासवान ने पहले ही स्पष्ट कर दिया था कि उनकी पार्टी के सभी 19 विधायक एनडीए उम्मीदवारों के पक्ष में एकजुट हैं।
चिराग का ‘मिशन 2026’
चिराग पासवान का यह बयान ऐसे समय में आया है जब बिहार में राज्यसभा चुनाव के नतीजों ने महागठबंधन की अंदरूनी कलह को उजागर कर दिया है। चिराग ने संकेत दिया कि एनडीए न केवल केंद्र में बल्कि राज्यों में भी अपनी पकड़ मजबूत कर रहा है, जिसका सीधा असर आने वाले विधानसभा चुनावों पर पड़ेगा।



