Madhya Pradesh: होटल कारोबारी बन नाबालिग को नशीला जूस पिलाया, अश्लील वीडियो बना वसूले लाखों के गहने

मध्य प्रदेश के मैहर जिले से ब्लैकमेलिंग और डिजिटल ठगी का एक खौफनाक मामला सामने आया है। इंस्टाग्राम पर ‘होटल कारोबारी’ बनकर एक युवक ने 12वीं की छात्रा को अपने जाल में फंसाया और फिर नशीला पदार्थ पिलाकर उसके साथ हैवानियत की। आरोपी ने न केवल अश्लील वीडियो बनाए, बल्कि उसे वायरल करने की धमकी देकर घर के लाखों के गहने भी साफ कर दिए।

इंस्टाग्राम पर दोस्ती और ‘रॉयल’ लाइफ का झांसा

पुलिस जांच में सामने आया कि करीब डेढ़ महीने पहले छात्रा की मां के इंस्टाग्राम अकाउंट पर शिवाय सिंह रघुवंशी नामक युवक के मैसेज आने शुरू हुए। आरोपी ने खुद को रीवा का बड़ा होटल व्यवसायी बताया। उसकी मीठी बातों और आलीशान जीवन के दावों में आकर छात्रा उसकी दोस्त बन गई।

स्कॉर्पियो में नशीला जूस और होटल में वारदात

वारदात की शुरुआत 23 फरवरी को हुई जब छात्रा अमरपाटन में अपनी सहेलियों से मिलने गई थी।आरोपी अपनी स्कॉर्पियो से वहां पहुंचा और छात्राओं को जूस पिलाया। जूस पीते ही छात्रा की तबीयत बिगड़ने लगी। आरोपी ने घर छोड़ने के बहाने उसे गाड़ी में बैठाया और रीवा के एक होटल ले गया। जब छात्रा को होश आया, तो वह निर्वस्त्र थी और आरोपी उसकी अश्लील वीडियो बना चुका था।

25 लाख की मांग और घर में गहनों की चोरी

वीडियो वायरल करने की धमकी देकर आरोपी ने छात्रा से 25 लाख रुपये की डिमांड की। दहशत में आई छात्रा ने घर पर कुछ नहीं बताया और 26 फरवरी को घर से मां के 5 लाख रुपये के गहने चोरी कर रीवा ले जाकर आरोपी को सौंप दिए।

दोस्तों के साथ मिलकर सामूहिक हैवानियत

गहने लेने के बाद भी दरिंदों का मन नहीं भरा। आरोपी ने अपने तीन अन्य दोस्तों को बुलाया और बेहोशी की हालत में छात्रा के साथ अश्लील हरकतें कीं। वारदात के बाद आरोपी उसे रात के अंधेरे में गांव के बाहर सड़क पर फेंक कर फरार हो गए और उसका मोबाइल भी छीन लिया।

मुख्य आरोपी गिरफ्तार, पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज

11 मार्च को पीड़ित परिवार ने अमरपाटन थाने में आपबीती सुनाई। एसडीओपी ख्याति मिश्रा ने बताया मुख्य आरोपी शिवाय सिंह रघुवंशी को हिरासत में ले लिया गया है। आरोपियों के खिलाफ बीएनएस, पॉक्सो एक्ट और आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।फरार तीन अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें छापेमारी कर रही हैं।

Exit mobile version