
Sports News: लगातार दूसरी बार टी20 वर्ल्ड कप जीतने के बाद जहां पूरे देश में खुशी का माहौल है, वहीं भारतीय टीम के स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या एक विवाद में फंसते नजर आ रहे हैं।टीम इंडिया ने अहमदाबाद में खेले गए फाइनल मुकाबले में न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम को हराकर रिकॉर्ड तीसरी बार यह खिताब अपने नाम किया। जीत के बाद खिलाड़ी अपने-अपने घर लौट चुके हैं और देशभर में उनका जोरदार स्वागत हो रहा है।
पुणे में दर्ज हुई शिकायत
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार पुणे के शिवाजीनगर पुलिस स्टेशन में हार्दिक पंड्या के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई है।यह शिकायत स्थानीय एडवोकेट वाजिद खान ने की है। उनका आरोप है कि जश्न के दौरान हार्दिक पंड्या ने राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे का अपमान किया।
क्या है आरोप?
शिकायत में कहा गया है कि मैच के बाद जश्न के दौरान हार्दिक पंड्या एक मंच पर राष्ट्रीय ध्वज को अपने शरीर पर लपेटकर लेटे हुए दिखाई दिए।एडवोकेट के मुताबिक इस दौरान उनके साथ उनकी साथी भी मंच पर मौजूद थीं और दोनों कुछ समय के लिए पोडियम पर लेटे हुए नजर आए।
जश्न के दौरान का वीडियो बना विवाद की वजह
यह घटना फाइनल मुकाबला खत्म होने और अवॉर्ड वितरण के बाद की बताई जा रही है, जब खिलाड़ी अपने परिवार के साथ मैदान पर जीत का जश्न मना रहे थे।हार्दिक पंड्या अपनी कथित गर्लफ्रेंड माहिका शर्मा के साथ मैदान पर नजर आए। दोनों एक-दूसरे को गले लगाते, जश्न मनाते और साथी खिलाड़ियों के साथ डांस करते हुए दिखे।इसी दौरान कुछ समय के लिए दोनों ट्रॉफी वाले पोडियम पर बैठे और बाद में लेटे हुए नजर आए, जबकि हार्दिक के शरीर पर तिरंगा लिपटा हुआ था। इसी दृश्य को लेकर विवाद खड़ा हो गया।
पुलिस कर रही मामले की जांच
फिलहाल पुलिस ने शिकायत दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच के बाद ही तय होगा कि इस मामले में आगे क्या कार्रवाई की जाएगी।



