Jharkhand: हजारीबाग एसीबी की बड़ी कार्रवाई, चंदवारा थाना का दरोगा 15 हजार घूस लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

कोडरमा/हजारीबाग: झारखंड में भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान जारी रखते हुए हजारीबाग एसीबी की टीम ने गुरुवार को कोडरमा जिले में बड़ी सफलता हासिल की है। टीम ने चंदवारा थाना में पदस्थापित सब-इंस्पेक्टर पवन कुमार को 15,000 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।

केस हल्का करने के लिए मांगी थी 1 लाख की रिश्वत

जानकारी के अनुसार, दरोगा पवन कुमार ने एक मामले (केस) की धाराएं कम करने और उसे हल्का करने के एवज में पीड़ित से एक लाख रुपये की भारी-भरकम डिमांड की थी। लंबी बातचीत के बाद पहली किस्त के तौर पर 15,000 रुपये देने पर सहमति बनी थी।पीड़ित रिश्वत नहीं देना चाहता था, इसलिए उसने पूरे मामले की जानकारी हजारीबाग एसीबी को दी।

एसीबी ने बिछाया जाल, रंगे हाथ दबोचा

एसीबी ने शिकायत का सत्यापन करने के बाद त्वरित कार्रवाई की और जाल बिछाया। जैसे ही दरोगा पवन कुमार ने पीड़ित से रिश्वत की राशि ली, पहले से घात लगाकर बैठी एसीबी की टीम ने उसे रंगे हाथ दबोच लिया। दरोगा की गिरफ्तारी के बाद चंदवारा थाना में अफरा-तफरी का माहौल देखा गया। गिरफ्तारी के बाद एसीबी की टीम आरोपी सब-इंस्पेक्टर को अपने साथ हजारीबाग कार्यालय ले गई है, जहां आगे की कानूनी प्रक्रिया और पूछताछ की जा रही है।

भ्रष्टाचार पर एसीबी का कड़ा प्रहार

हजारीबाग एसीबी की इस कार्रवाई से भ्रष्टाचार में लिप्त सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच कड़ा संदेश गया है। एसीबी ने स्पष्ट किया है कि भ्रष्टाचार के किसी भी मामले में जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी।

Exit mobile version