Delhi: नोएडा में सेक्टर-4 की बिजली मीटर फैक्ट्री में लगी आग, 26 कर्मचारी घायल

नोएडा: दिल्ली से सटे नोएडा के सेक्टर-4 स्थित एक बड़ी फैक्ट्री में गुरुवार सुबह भीषण आग लग गई। हादसा ‘कैपिटल पावर सिस्टम लिमिटेड’ (B-40) नामक कंपनी में हुआ, जो बिजली के मीटर बनाने का काम करती है। आग इतनी भयावह थी कि तीन मंजिला इमारत धुएं के काले गुबार में तब्दील हो गई, जिसे कई किलोमीटर दूर से देखा जा सकता था।
सुबह 5:30 बजे मची चीख-पुकार
जानकारी के मुताबिक, आग आज सुबह करीब 5:30 बजे लगी। उस वक्त फैक्ट्री में नाइट शिफ्ट का काम चल रहा था और अंदर लगभग 240 कर्मचारी मौजूद थे। देखते ही देखते आग ने पूरी इमारत को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे अंदर फंसे कर्मचारियों में हड़कंप मच गया।
26 कर्मचारी घायल, खिड़कियां तोड़कर निकाला बाहर
अपनी जान बचाने की जद्दोजहद में 26 कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि बचाव दल को इमारत की खिड़कियां और शीशे तोड़कर कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकालना पड़ा।घायलों को तुरंत एम्बुलेंस के माध्यम से नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां कुछ की हालत नाजुक बताई जा रही है। राहत की बात यह रही कि समय रहते रेस्क्यू शुरू होने से बड़ी जनहानि को टालने का प्रयास किया गया।
दमकल की 25 गाड़ियों ने संभाला मोर्चा
हादसे की सूचना मिलते ही नोएडा पुलिस के आला अधिकारी और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। आग की भयावहता को देखते हुए दमकल की 25 से ज्यादा गाड़ियों को काम पर लगाया गया है। घंटों की मशक्कत के बाद भी आग को पूरी तरह बुझाने का प्रयास जारी है।
ज्वाइंट कमिश्नर का बयान: “जांच जारी है”
मौके पर पहुंचे ज्वाइंट कमिश्नर (लॉ एंड ऑर्डर) राजीव नारायण मिश्र ने बताया “हमारी पहली प्राथमिकता आग पर पूरी तरह काबू पाना और घायलों को बेहतर इलाज मुहैया कराना है। आग लगने के सटीक कारणों (शॉर्ट सर्किट या कुछ और) की जांच फायर विभाग और पुलिस की टीम मिलकर करेगी। फिलहाल रेस्क्यू ऑपरेशन अंतिम चरण में है।”
शॉर्ट सर्किट की आशंका
प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है, लेकिन फैक्ट्री के अंदर भारी मात्रा में प्लास्टिक और बिजली के उपकरण होने के कारण आग ने तेजी से विकराल रूप ले लिया। प्रशासन अब इस बात की भी जांच करेगा कि क्या फैक्ट्री में अग्निशमन के पर्याप्त इंतजाम थे या नहीं।



