Bihar: रील्स बनाते समय राजेंद्र सेतु से गंगा में गिरी युवती, नाविकों ने बचाई जान

मोकामा: सोशल मीडिया पर रील्स बनाने का जुनून कई बार जानलेवा साबित हो रहा है। ऐसा ही एक मामला हाथीदह से सामने आया है, जहां राजेंद्र सेतु से गुजर रही ट्रेन से एक युवती अचानक गंगा नदी में गिर गई। इस हादसे में युवती को गंभीर चोटें आई हैं, हालांकि उसकी जान बाल-बाल बच गई।

नाविकों और स्थानीय लोगों ने बचाई जान

घटना के समय नदी में मौजूद नाविक, जो रोजाना मछली पकड़ने का काम करते हैं, तुरंत हरकत में आए और युवती को पानी से बाहर निकाला। वहीं पास में डबल ट्रैक रेल ब्रिज का निर्माण कर रही Afcons Infrastructure कंपनी के कर्मचारियों ने भी बचाव कार्य में मदद की।इसके बाद युवती को कंपनी की एंबुलेंस से महात्मा गांधी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे खतरे से बाहर बताया है।

बेगूसराय की रहने वाली है युवती

घायल युवती की पहचान साक्षी कुमारी के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार वह अपने भाई के साथ पटना से परीक्षा देकर वापस बेगूसराय लौट रही थी।परिवार ने बताया कि वे लोहिया नगर थाना क्षेत्र के बाघी गांव के निवासी हैं।

रील्स बनाना पड़ा भारी

रंजन कुमार, थाना अध्यक्ष हाथीदह थाना, ने बताया कि परिजनों से पूछताछ में पता चला है कि युवती ट्रेन के गेट पर खड़ी होकर रील्स बना रही थी। इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से वह गंगा नदी में गिर गई।फिलहाल युवती को गंभीर चोटें आई हैं और वह ठीक से बोल भी नहीं पा रही है, लेकिन उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

Exit mobile version