पटना: टी-20 वर्ल्ड कप में भारतीय टीम की ऐतिहासिक खिताबी जीत के बाद स्टार क्रिकेटर ईशान किशन सोमवार को पहली बार अपने गृह नगर पटना पहुंचे। पटना एयरपोर्ट पर ईशान का स्वागत करने के लिए उनके पिता, भाई और भतीजे के साथ-साथ सैकड़ों की संख्या में क्रिकेट प्रेमी पहुंचे। ढोल-नगाड़ों और फूलों के साथ प्रशंसकों ने अपने चहेते खिलाड़ी का जोरदार अभिनंदन किया।
“बिहार के बच्चे मुझे देखकर आगे बढ़ें, यही खुशी है”
एयरपोर्ट पर मीडिया से बात करते हुए ईशान किशन ने अपनी खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा घर वापस आकर बहुत अच्छा लग रहा है। टीम इंडिया ने वर्ल्ड कप जीतकर देश का मान बढ़ाया है। हम उम्मीद करेंगे कि आगे भी इसी तरह खेलते रहें और जीत हासिल करते रहें। मेरे लिए सबसे बड़ी खुशी की बात यह है कि बिहार के बच्चे मुझे देखकर आगे बढ़ें और क्रिकेट में अपना करियर बनाएं।
कीर्ति आजाद के ट्वीट पर भड़के ईशान: “फालतू बातों का जवाब नहीं दूंगा”
बातचीत के दौरान जब मीडिया ने पूर्व क्रिकेटर और राजनेता कीर्ति आजाद द्वारा टीम इंडिया की जीत के बाद मंदिर जाने को लेकर किए गए विवादित ट्वीट पर सवाल पूछा, तो ईशान किशन ने सख्त रुख अपनाया। उन्होंने कहा मैं इस तरह के फालतू सवालों और फालतू बातों का जवाब नहीं देना चाहता हूं। टीम इंडिया वर्ल्ड कप जीती है, यह हमारे लिए सबसे बड़ी खुशी है। मैं केवल जीत की खुशी से जुड़े हुए सवालों पर ही बात करना पसंद करूंगा।
क्या है विवाद?
बता दें कि हाल ही में कीर्ति आजाद ने भारतीय टीम के खिलाड़ियों के मंदिर जाने को लेकर सोशल मीडिया पर एक टिप्पणी की थी, जिसे लेकर क्रिकेट जगत और सोशल मीडिया पर काफी बहस छिड़ी हुई है। ईशान किशन ने इस विवाद से खुद को दूर रखते हुए टीम की सफलता पर ध्यान केंद्रित करने की बात कही।
समर्थकों का भारी हुजूम
ईशान किशन की एक झलक पाने के लिए पटना एयरपोर्ट के बाहर सुरक्षा घेरे को संभालना पुलिस के लिए भी चुनौती बन गया था। प्रशंसकों ने ‘ईशान किशन जिंदाबाद’ और ‘टीम इंडिया जिंदाबाद’ के नारे लगाए। ईशान ने भी हाथ हिलाकर अपने प्रशंसकों का आभार व्यक्त किया और उनके साथ तस्वीरें खिंचवाईं।
