
लखनऊ/बलरामपुर: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माताजी के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी करने वाले बिहार के मौलाना अब्दुल्ला सलीम की मुश्किलें बढ़ गई हैं। सोशल मीडिया पर वायरल हुए विवादित बयान के बाद पूरे प्रदेश में हिंदू संगठनों और भाजपा कार्यकर्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा है। बलरामपुर में बीजेपी जिलाध्यक्ष की तहरीर पर मौलाना के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है, वहीं प्रदेश के 83 अलग-अलग थानों में भी शिकायतें दी गई हैं।
क्या है पूरा मामला?
विवाद की शुरुआत तब हुई जब बिहार के मौलाना अब्दुल्ला सलीम का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ। इस वीडियो में मौलाना ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां को लेकर कथित तौर पर अशोभनीय और विवादित टिप्पणी की थी। वीडियो सामने आते ही इसे मुख्यमंत्री की माताजी और पूरे हिंदू समाज का अपमान बताते हुए विरोध प्रदर्शन शुरू हो गए।
लखनऊ की सड़कों पर भारी विरोध और ‘अंगार’
राजधानी लखनऊ के हजरतगंज और अटल चौक जैसे प्रमुख इलाकों में मौलाना के खिलाफ जबरदस्त प्रदर्शन देखने को मिला। शहर के कई हिस्सों में पोस्टर लगाए गए हैं, जिन पर लिखा है— “योगी जी की मां का अपमान नहीं सहेगा हिंदू समाज”। 7 मार्च को अटल चौक पर युवाओं और हिंदू संगठनों ने मौलाना अब्दुल्ला सलीम का पुतला फूंका और जमकर नारेबाजी की।प्रदर्शनकारियों ने साफ कर दिया है कि यदि मौलाना की जल्द गिरफ्तारी नहीं हुई, तो पूरे प्रदेश में बड़े स्तर पर आंदोलन किया जाएगा।
पुलिस की कार्रवाई और कानूनी शिकंजा
बलरामपुर पुलिस ने भाजपा जिलाध्यक्ष की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, वायरल वीडियो की सत्यता की जांच की जा रही है और आरोपी मौलाना की लोकेशन ट्रेस करने के लिए टीमें गठित की गई हैं।केवल बलरामपुर ही नहीं, बल्कि यूपी के 83 जिलों और कस्बों के थानों में मौलाना के खिलाफ लिखित शिकायतें दर्ज कराई गई हैं।यूनिवर्सिटी के छात्रों और सामाजिक संगठनों ने भी डीजीपी से इस मामले में सख्त ‘रासुका’ जैसी कार्रवाई की मांग की है।
सोशल मीडिया पर उबाल
ट्विटर (X) और फेसबुक पर भी #YogiAdityanath और#MaulanaAbdullahSalim ट्रेंड कर रहा है। लोग इसे किसी की व्यक्तिगत आस्था और परिवार पर हमला बताकर कड़ी निंदा कर रहे हैं। भाजपा पदाधिकारियों का कहना है कि राजनीति में मतभेद हो सकते हैं, लेकिन किसी की मां के प्रति अभद्र भाषा का प्रयोग स्वीकार्य नहीं है।



