Bihar INFACTNews

Bihar: मीटिंग पर मीटिंग कर रहे निशांत कुमार, संजय झा के घर अब जेडीयू जिलाध्यक्षों से बात

पटना: बिहार की सियासत में एक नए युग की शुरुआत होने जा रही है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने के फैसले के बाद अब उनके बेटे निशांत कुमार औपचारिक रूप से राजनीति के मैदान में उतरने को तैयार हैं। शनिवार को पटना में जेडीयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा के आवास पर निशांत कुमार ने पार्टी के दिग्गज नेताओं और सभी जिलाध्यक्षों के साथ मैराथन बैठकें कीं।

रविवार को ले सकते हैं जेडीयू की सदस्यता

सूत्रों के अनुसार, निशांत कुमार रविवार दोपहर को औपचारिक रूप से जनता दल यूनाइटेड की सदस्यता ग्रहण करेंगे। हालांकि पहले शनिवार को ही जॉइनिंग की चर्चा थी, लेकिन निशांत ने पूरा दिन संगठन को समझने और नेताओं से फीडबैक लेने में बिताया।

बैठक में कौन-कौन रहा मौजूद?

संजय झा के आवास पर हुई हाई-प्रोफाइल मीटिंग में पार्टी के कई कद्दावर चेहरे शामिल हुए जिसमे मंत्री श्रवण कुमार, एमएलसी संजय गांधी,विधायक चेतन आनंद, कोमल सिंह और समृद्ध वर्मा,ललन सराफ समेत जेडीयू के सभी जिलाध्यक्ष।

नीतीश का ‘सरप्राइज’ मूव: खुद राज्यसभा, बेटे को संगठन की कमान

बिहार की राजनीति में दो दिनों के भीतर बड़े घटनाक्रम हुए हैं। सीएम नीतीश ने खुद राज्यसभा जाने का नामांकन दाखिल कर सबको चौंका दिया है। शुक्रवार को जेडीयू विधानमंडल दल की बैठक में निशांत को राजनीति में लाने का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया।चर्चा है कि नीतीश के इस्तीफा देने के बाद बिहार में भाजपा का मुख्यमंत्री बनेगा, जबकि निशांत कुमार को जेडीयू संगठन या सरकार में कोई महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिल सकती है।

पूरे बिहार की यात्रा पर निकलेंगे निशांत कुमार

जेडीयू की सदस्यता लेने के तुरंत बाद निशांत कुमार बिहार भ्रमण (यात्रा) पर निकलेंगे। पार्टी का मानना है कि इस यात्रा के जरिए निशांत जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं से जुड़ेंगे और सरकार की योजनाओं की प्रगति को समझेंगे। साल की शुरुआत से ही सार्वजनिक कार्यक्रमों में उनकी बढ़ती सक्रियता इसी ‘लॉन्चिंग’ का हिस्सा मानी जा रही है।

विरासत की राजनीति या नई रणनीति?

निशांत कुमार को राजनीति में लाने की मांग पिछले विधानसभा चुनाव से ही उठ रही थी। अब जब नीतीश कुमार ने राष्ट्रीय राजनीति की ओर रुख किया है, तो निशांत के कंधों पर जेडीयू की विरासत को संभालने की बड़ी जिम्मेदारी होगी। अटकलें यह भी हैं कि उन्हें भविष्य में कोई बड़ा पद दिया जा सकता है, हालांकि पार्टी ने अभी पत्ता नहीं खोला है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button