Maharashtra : महाराष्ट्र बजट में किसानों के लिए बड़ी घोषणाएं, कई नई योजनाओं का ऐलान

महाराष्ट्र: महाराष्ट्र सरकार ने बजट में किसानों और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाओं की घोषणा की है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बताया कि कृषि, पशुपालन और मत्स्य पालन क्षेत्रों को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार नई योजनाएं शुरू करेगी।
ग्रामीण पशुधन उद्यमी योजना होगी शुरू
मुख्यमंत्री ने बताया कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए मुख्यमंत्री ग्रामीण पशुधन उद्यमी योजना शुरू की जाएगी। इस योजना का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में पशुपालन को बढ़ावा देना और किसानों की आय बढ़ाना है।
प्राकृतिक खेती को मिलेगा बढ़ावा
राज्य सरकार किसानों को रसायन मुक्त खेती के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से महाराष्ट्र प्राकृतिक खेती अभियान भी शुरू करेगी। इसके तहत किसानों को प्राकृतिक खेती अपनाने के लिए प्रशिक्षण और सहायता दी जाएगी।
मत्स्य पालन क्षेत्र के लिए नई योजना
मत्स्य पालन क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए सरकार मुख्यमंत्री मत्स्य संपदा योजना शुरू करेगी। इस योजना के माध्यम से मछुआरों और मत्स्य पालन से जुड़े लोगों को आर्थिक सहायता और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
खेतों तक पहुंचने के लिए बनेगी सड़क
किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सरकार मुख्यमंत्री बलीराजा खेत पगडंडी सड़क योजना भी लागू करेगी। इसके तहत खेतों तक पहुंचने के लिए छोटे रास्तों और सड़कों का विकास किया जाएगा, जिससे किसानों को खेती से जुड़े कामों में आसानी होगी।
एग्री स्टैक योजना से किसानों को मिलेगी विशेष पहचान
बजट में कृषि क्षेत्र के लिए एक और बड़ा ऐलान किया गया है। सरकार एग्री स्टैक योजना लागू करेगी, जिसके तहत महाराष्ट्र किसानों की पहचान पत्र प्रणाली बनाने वाला देश का पहला राज्य बनेगा।इस योजना के तहत किसानों की विशेष डिजिटल पहचान तैयार की जाएगी, जिससे सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे किसानों तक पहुंचाया जा सकेगा। सरकार के मुताबिक अब तक करीब एक करोड़ किसानों की आईडी तैयार की जा चुकी है।



