Uttar Pradesh: बसपा विधायक उमाशंकर सिंह के घर इनकम टैक्स की दबिश, 50 अधिकारियों की टीम खंगाल रही दस्तावेज

लखनऊ/बलिया: उत्तर प्रदेश की राजनीति से इस वक्त की सबसे बड़ी खबर सामने आ रही है। बहुजन समाज पार्टी के प्रदेश में इकलौते विधायक उमाशंकर सिंह के ठिकानों पर आयकर विभाग ने बुधवार सुबह एक साथ छापेमारी शुरू की है। बताया जा रहा है कि विभाग की इस कार्रवाई में 50 से अधिक अधिकारी और कर्मचारी शामिल हैं।

लखनऊ और बलिया में एक साथ रेड

आयकर विभाग की टीमों ने प्रदेश के अलग-अलग जिलों में स्थित विधायक के ठिकानों पर एक साथ दस्तक दी। राजधानी के पॉश इलाके गोमतीनगर स्थित विधायक के आवास और उनके दफ्तर पर सुबह से ही जांच जारी है।उनके गृह जनपद बलिया में भी पैतृक निवास और अन्य व्यावसायिक ठिकानों पर अधिकारियों की टीम मौजूद है। मिली जानकारी के अनुसार, टीम ने विधायक के घर और दफ्तर से कई महत्वपूर्ण वित्तीय दस्तावेजों और इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स को अपने कब्जे में ले लिया है।

खराब स्वास्थ्य के बीच पहुंची टीम

गौरतलब है कि उमाशंकर सिंह का स्वास्थ्य पिछले कुछ समय से ठीक नहीं चल रहा है। खराब स्वास्थ्य के बावजूद विभाग की टीम उनसे और उनके सहयोगियों से पूछताछ कर रही है। छापेमारी के दौरान घर के बाहर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और किसी को भी अंदर जाने या बाहर आने की अनुमति नहीं दी जा रही है।

बसपा के कद्दावर नेता हैं उमाशंकर सिंह

उमाशंकर सिंह यूपी विधानसभा में बसपा के इकलौते प्रतिनिधि हैं और अपनी सक्रियता के लिए जाने जाते हैं। वे रसड़ा विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं। अचानक हुई इस छापेमारी ने प्रदेश के सियासी गलियारों में हड़कंप मचा दिया है। हालांकि, विभाग की ओर से अभी तक छापेमारी के कारणों और बरामदगी को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

Exit mobile version