नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली का कश्मीरी गेट इलाका मंगलवार देर रात गोलियों की तड़तड़ाहट से दहल उठा। कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के वकील दीपक खत्री की गाड़ी पर अज्ञात हमलावरों ने कई राउंड फायरिंग की। इस हमले की जिम्मेदारी अब राहुल फतेहपुर और नवीन बॉक्सर ने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा कर ली है।
‘मुखबिरी की तो पूरा परिवार भुगतेगा’
हमले के कुछ ही घंटों बाद राहुल फतेहपुर ने फेसबुक/इंस्टाग्राम पर एक विवादित पोस्ट डाली। पोस्ट में वकील दीपक खत्री को सीधी चेतावनी देते हुए लिखा गया ।दीपक खत्री लॉरेंस के लिए मुखबिरी और दलाली करता है। तू जो जेल में मुलाकातों के जरिए फिरौती की सेटिंग और इन्फॉर्मेशन लाता है, उसे बंद कर दे।आज तो तू बच गया, लेकिन नहीं सुधरा तो इसकी सजा तेरे पूरे परिवार को भुगतनी पड़ेगी।पोस्ट में यह भी कहा गया कि जो भी लॉरेंस का साथ देगा, उसका अंजाम बुरा होगा।
5 राउंड फायरिंग से मची अफरातफरी
दिल्ली पुलिस के डीसीपी (नॉर्थ) राजा बंथिया ने बताया कि रात करीब 10:10 बजे कश्मीरी गेट के पास फायरिंग की सूचना मिली थी।वकील की गाड़ी में कुल पांच लोग सवार थे। हमलावरों ने कार को निशाना बनाकर 4 से 5 राउंड गोलियां चलाईं।फायरिंग में एक व्यक्ति घायल हुआ है, जिसे तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। फिलहाल उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए।
पुलिस की कार्रवाई और जांच
डीसीपी नॉर्थ ने घटनास्थल का मुआयना करने के बाद कहा कि पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है। इलाके के सभी सीसीटीवी कैमरों को खंगाला जा रहा है ताकि हमलावरों के बाइक/गाड़ी के नंबर का पता चल सके। पुलिस की साइबर सेल राहुल फतेहपुर और नवीन बॉक्सर की पोस्ट की सत्यता और उनके लोकेशन की जांच कर रही है।वकील और उनके करीबियों की सुरक्षा को लेकर भी समीक्षा की जा रही है।
