NewsRajasthan INFACT

Rajasthan: परीक्षा देने घर से निकली मासूम की गला घोंटकर हत्या, आरोपी श्याम सुंदर गिरफ्तार

बीकानेर (बज्जू): राजस्थान के बीकानेर जिले के बज्जू सब-डिवीजन में एक 13 वर्षीय नाबालिग छात्रा के साथ हुई दरिंदगी और नृशंस हत्या ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है। 21 फरवरी को हुई इस वारदात के मुख्य आरोपी श्याम सुंदर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने पुलिस की कड़ी पूछताछ में अपना गुनाह कबूल कर लिया है।

क्या है पूरा मामला?

8वीं कक्षा में पढ़ने वाली मासूम छात्रा 21 फरवरी को अपने घर से बोर्ड परीक्षा देने के लिए स्कूल निकली थी। वह न तो परीक्षा केंद्र पहुँची और न ही शाम तक घर लौटी। परिजनों द्वारा तलाश करने पर घर से कुछ ही दूरी पर उसकी अर्धनग्न लाश संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुई। छात्रा की इस हालत में मौत के बाद इलाके में भारी जनाक्रोश फैल गया।

विरोध और शोर मचाने पर घोंट दिया गला

बीकानेर एसपी कविंद्र सिंह सागर ने बताया कि तकनीकी साक्ष्यों और सुरागों के आधार पर श्याम सुंदर को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में उसने बताया उसने छात्रा को सुनसान रास्ते पर अकेला पाकर रोका था।जब छात्रा ने विरोध किया और शोर मचाने की कोशिश की, तो पकड़े जाने के डर से आरोपी ने उसका गला घोंटकर उसे मौत के घाट उतार दिया।एसपी के अनुसार, दुष्कर्म (रेप) की पुष्टि मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद ही आधिकारिक तौर पर की जाएगी।

4 दिनों तक चला गतिरोध, भारी विरोध के बीच झुका प्रशासन

वारदात के बाद गुस्साए ग्रामीणों और परिजनों ने रंजीतपुरा में धरना शुरू कर दिया था। दोषियों की तुरंत गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर परिजनों ने 3 दिनों तक शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। माहौल को देखते हुए एडीजी लता मनोज ने खुद कमान संभाली और क्षेत्र का दौरा किया।

राजनीतिक दखल और समझौते की शर्तें

इस मामले में राजनीति भी जमकर गरमाई। पूर्व मंत्री देवी सिंह भाटी, भंवर सिंह भाटी और महेंद्र गहलोत जैसे दिग्गज नेता धरना स्थल पर डटे रहे। मंगलवार को प्रशासनिक अधिकारियों और परिजनों के बीच लंबी बातचीत के बाद सहमति बनी जिसमे पीड़ित परिवार को उचित आर्थिक सहायता दी जाएगी।परिवार के एक रिश्तेदार को संविदा पर नौकरी दी जाएगी।आरोपी के खिलाफ फास्ट ट्रैक कोर्ट में मुकदमा चलाकर कड़ी सजा दिलाई जाएगी।इन आश्वासनों के लिखित भरोसे के बाद चौथे दिन परिजनों ने धरना समाप्त किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की अनुमति दी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button