Jharkhand: जुगसलाई चुनाव में ‘बोगस वोटिंग’ का हंगामा,आरपी पटेल स्कूल बूथ पर पहुंचे हिदायतुल्ला खान

जमशेदपुर : जुगसलाई नगर परिषद चुनाव के दौरान मतदान के दिन उस वक्त गहमागहमी बढ़ गई, जब झारखंड अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष हिदायतुल्ला खान अचानक आरपी पटेल स्कूल स्थित मतदान केंद्र (बूथ) पहुंचे। उन्होंने मतदान प्रक्रिया के दौरान ‘बोगस वोटिंग’ होने का गंभीर आरोप लगाया है।
बूथ के अंदर जाने से पुलिस ने रोका
दोपहर करीब 12:30 बजे जब मतदान अपने चरम पर था, हिदायतुल्ला खान (जो अध्यक्ष पद की उम्मीदवार नौशीन खान के पति भी हैं) समर्थकों के साथ आरपी पटेल स्कूल पहुंचे। हिदायत खान बूथ के भीतर जाकर पोलिंग एजेंटों से बात करना चाहते थे।ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों ने चुनाव नियमों का हवाला देते हुए उन्हें अंदर जाने से रोक दिया, जिससे कुछ देर के लिए वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
बोगस वोटिंग की सूचना पर पहुंचे थे खान
मीडिया और समर्थकों से बातचीत के दौरान हिदायतुल्ला खान ने स्पष्ट किया कि उन्हें लगातार बोगस वोटिंग (फर्जी मतदान) की सूचना मिल रही थी। इसी शिकायत की पुष्टि और इसे रोकने के लिए वे मतदान केंद्र पर पहुंचे थे। हमें सूचना मिली थी कि कुछ केंद्रों पर फर्जी तरीके से वोट डाले जा रहे हैं। मैंने वहां मौजूद अधिकारियों से आग्रह किया है कि मतदान पूरी तरह निष्पक्ष होना चाहिए और किसी भी तरह की गड़बड़ी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। – हिदायतुल्ला खान
मतदाताओं से की मुलाकात
बूथ के बाहर हिदायत खान ने कई मतदाताओं और अपने समर्थकों से मुलाकात की। उन्होंने लोगों से शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान की अपील की, साथ ही तैनात अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे पहचान पत्र की बारीकी से जांच करें ताकि बोगस वोटिंग की संभावना खत्म हो सके।



