Delhi: लाल किला और सचिवालय को बम से उड़ाने की धमकी, खालिस्तानी ग्रुप के मेल से मचा हड़कंप

नई दिल्ली: देश की राजधानी दिल्ली एक बार फिर बम की धमकियों से दहल उठी है। सोमवार दोपहर लाल किला और दिल्ली सचिवालय को बम से उड़ाने की सनसनीखेज धमकी मिली है। यह धमकी एक ईमेल के जरिए दी गई है, जिसमें खालिस्तानी ग्रुप का नाम सामने आ रहा है। धमकी मिलने के तुरंत बाद दिल्ली पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां एक्शन मोड में आ गई हैं।
परिसर खाली कराए गए, सर्च ऑपरेशन जारी
धमकी भरा मेल मिलते ही पुलिस के शीर्ष अधिकारी, बम निरोधक दस्ता और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुँच गईं। ऐतिहासिक लाल किला परिसर को पर्यटकों के लिए तुरंत बंद कर दिया गया है और अंदर मौजूद लोगों को बाहर निकाला जा रहा है।सचिवालय में काम कर रहे सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को आनन-फानन में बिल्डिंग से बाहर निकलने के निर्देश दिए गए हैं। फिलहाल दोनों ही महत्वपूर्ण परिसरों के भीतर और बाहर सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
खालिस्तानी कनेक्शन की जांच
पुलिस सूत्रों के अनुसार, धमकी भरा मेल एक कथित खालिस्तानी समूह के हैंडल से आया है। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल और साइबर टीम मेल के आईपी एड्रेस को ट्रैक करने में जुट गई है ताकि यह पता लगाया जा सके कि यह किसी की शरारत है या कोई गहरी साजिश।
सुबह दो स्कूलों को भी मिली थी धमकी
आज का दिन दिल्ली के लिए बेहद तनावपूर्ण रहा है। सचिवालय और लाल किले से पहले सुबह दिल्ली के दो प्रतिष्ठित स्कूलों को भी इसी तरह की धमकी मिली थी जिसमे धौला कुआं स्तिथ आर्मी पब्लिक स्कूल और लोधी रोड स्तिथ एयर फोर्स बाल भारती स्कूल शामिल है। इन स्कूलों को भी ईमेल के जरिए ही बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी, जिसके बाद बच्चों को सुरक्षित बाहर निकालकर गहन जांच की गई।
सुरक्षा घेरा सख्त
दिल्ली पुलिस ने पूरी राजधानी में सुरक्षा बढ़ा दी है। मेट्रो स्टेशनों, बस स्टैंडों और अन्य भीड़भाड़ वाले इलाकों में रैंडम चेकिंग की जा रही है। पुलिस ने जनता से अपील की है कि वे घबराएं नहीं और किसी भी संदिग्ध वस्तु की सूचना तुरंत 112 पर दें।



