Bihar:बाढ़ में सड़क हादसे में दो की मौत, तीन गंभीर

बाढ़/अथमलगोला: बिहार के पटना जिले के अथमलगोला थाना अंतर्गत एनएच-31 पर बीती देर रात करीब दो बजे एक हृदयविदारक सड़क हादसा हुआ। जगन्नाथ पेट्रोल पंप के पास एक तेज रफ्तार एम्बुलेंस और अज्ञात वाहन के बीच जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में एम्बुलेंस में सवार एक महिला और चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हैं।
इलाज कराकर घर लौट रहा था परिवार
जानकारी के अनुसार, पूर्णिया की रहने वाली अंजुम खातून अपने एक परिजन के पैर का प्लास्टर कटवाने के लिए पटना गई थीं। पटना से इलाज कराकर पूरा परिवार एम्बुलेंस से वापस पूर्णिया लौट रहा था। तभी अथमलगोला के पास यह भीषण दुर्घटना घट गई।
मरीज सुरक्षित, साथ आए लोगों की मौत
इस हादसे की सबसे हैरान कर देने वाली बात यह रही कि जिस मरीज का इलाज कराकर परिवार लौट रहा था, वह चमत्कारिक रूप से सुरक्षित बच गया। हालांकि, मरीज की देखभाल के लिए साथ आई अंजुम खातून और एम्बुलेंस चालक की जान नहीं बचाई जा सकी। मृतकों की पहचान अंजुम खातून: निवासी- पूर्णिया (परिजनों के साथ पटना गई थीं) और राजकिशोर सिंह: निवासी- किशनगंज (एम्बुलेंस चालक) में हुई है।
घायलों की स्थिति और पुलिस की कार्रवाई
हादसे के बाद एम्बुलेंस के परखच्चे उड़ गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि अंदर फंसे लोगों को निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।सूचना मिलते ही अथमलगोला थाना पुलिस मौके पर पहुँची और सभी को एम्बुलेंस से बाहर निकाला। हादसे में घायल तीन लोगों में से दो की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें तुरंत पटना रेफर कर दिया गया है। वहीं, एक घायल का इलाज स्थानीय पीएचसी अथमलगोला में चल रहा है।
अज्ञात वाहन की तलाश जारी
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एम्बुलेंस को टक्कर मारने वाला अज्ञात वाहन अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। पुलिस पेट्रोल पंप और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि टक्कर मारने वाले वाहन की पहचान की जा सके।



