Jharkhand: झारखंड में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी समेत 100 अन्य पर FIR दर्ज, जानिए क्या है मामला?

गिरिडीह: झारखंड में सोमवार को होने वाले निकाय चुनाव से ठीक पहले राजनीतिक गलियारों में खलबली मच गई है। गिरिडीह पुलिस ने राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री और वर्तमान नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी समेत करीब 100 अज्ञात लोगों के खिलाफ आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन का मामला दर्ज किया है। यह कार्रवाई शनिवार रात फ्लाइंग सर्विलांस टीम की शिकायत पर की गई है।
क्या है पूरा मामला?
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार शाम 5 बजे आधिकारिक चुनाव प्रचार समाप्त होने के बाद गिरिडीह के एक स्थानीय होटल में बाबूलाल मरांडी कार्यकर्ताओं के साथ कथित तौर पर बैठक कर रहे थे। फ्लाइंग सर्विलांस टीम को सूचना मिली कि होटल में राजनीतिक चर्चा चल रही है, जिसके बाद टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की और टाउन थाने में इसकी रिपोर्ट दर्ज कराई। गिरिडीह के उपायुक्त रामनिवास यादव ने पुष्टि की कि शनिवार शाम टाउन थाने में एफआईआर दर्ज की गई है।
बाबूलाल मरांडी ने पेश की अपनी दलील
इन आरोपों पर पलटवार करते हुए बाबूलाल मरांडी ने स्पष्ट किया कि वह किसी राजनीतिक बैठक का हिस्सा नहीं थे। उन्होंने पत्रकारों से कहा मैं सिर्फ होटल के रेस्तरां में खाना खाने गया था। जब कोई सार्वजनिक जीवन में सक्रिय नेता कहीं भोजन के लिए जाता है, तो लोग स्वाभाविक रूप से वहां इकट्ठा हो जाते हैं। इसे चुनावी बैठक कहना गलत है।
झामुमो ने की क्षेत्र से बाहर करने की मांग
दूसरी ओर, सत्तारूढ़ दल झारखंड मुक्ति मोर्चा ने इसे चुनाव को प्रभावित करने की साजिश बताया है। जेएमएम के गिरिडीह जिला अध्यक्ष संजय कुमार सिंह ने प्रशासन से मांग की है कि नियमों के उल्लंघन के आधार पर बाबूलाल मरांडी को तत्काल चुनाव क्षेत्र से बाहर किया जाए।
कानूनी प्रावधान और चुनाव की स्थिति
नियम: जन प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 की धारा 126 और निकाय चुनाव नियम 2012 के तहत, मतदान से 48 घंटे पहले (साइलेंस पीरियड) किसी भी प्रकार की सार्वजनिक बैठक या राजनीतिक जमावड़ा प्रतिबंधित है।झारखंड के शहरी निकायों में 23 फरवरी 2026 को वोट डाले जाएंगे।चुनाव के परिणाम 27 फरवरी 2026 को घोषित किए जाएंगे।उल्लेखनीय है कि झारखंड में निकाय चुनाव भले ही बिना किसी पार्टी सिंबल (चुनाव चिह्न) के लड़े जा रहे हों, लेकिन उम्मीदवारों को विभिन्न राजनीतिक दलों का सक्रिय समर्थन प्राप्त है, जिससे मुकाबला काफी दिलचस्प बना हुआ है।



