Delhi : लश्कर के ‘बांग्लादेशी मॉड्यूल’ का पर्दाफाश, 8 संदिग्ध गिरफ्तार, हाफिज सईद और लखवी से जुड़े तार

नई दिल्ली: देश की राजधानी में सुरक्षा एजेंसियों को एक बड़ी कामयाबी मिली है। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के एक खतरनाक बांग्लादेशी मॉड्यूल का खुलासा किया है। इस ऑपरेशन के तहत तमिलनाडु और कोलकाता से कुल 8 संदिग्ध आतंकियों को गिरफ्तार किया गया है, जो भारत में बड़े हमले की साजिश रच रहे थे।
टॉप नेतृत्व से सीधे जुड़े थे तार
जांच में सबसे चौंकाने वाला खुलासा मॉड्यूल के हैंडलर शब्बीर अहमद लोन उर्फ शब्बीर शाह को लेकर हुआ है। सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार, शब्बीर शाह लश्कर के चीफ हाफिज सईद और 26/11 मास्टरमाइंड जकी उर रहमान लखवी के सीधे संपर्क में था। शब्बीर 2007 में भी दिल्ली में गिरफ्तार हुआ था, तब उसके पास से हाफिज और लखवी से बातचीत के पुख्ता सबूत मिले थे।साल 2017 में जेल से रिहा होने के बाद वह चकमा देकर भारत से भाग गया था और अब विदेश से इस मॉड्यूल को ऑपरेट कर रहा था।
तमिलनाडु और कोलकाता से हुई गिरफ्तारियां
स्पेशल सेल ने एक समन्वित ऑपरेशन चलाकर इस नेटवर्क की कमर तोड़ दी है जिसमे तमिलनाडु से 6 संदिग्धों को दबोचा गया।कोलकाता से 2 संदिग्धों की गिरफ्तारी हुई।इनके पास से एक दर्जन से अधिक मोबाइल फोन और 16 सिम कार्ड बरामद किए गए हैं, जिनका इस्तेमाल आतंकी गतिविधियों के समन्वय के लिए किया जा रहा था।
ISI की नई चाल: बांग्लादेशी नागरिकों की भर्ती
स्पेशल सेल की जांच में खुलासा हुआ है कि पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI भारत में अस्थिरता फैलाने के लिए एक नया ‘प्रॉक्सी’ तरीका अपना रही है। भारत में अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशी नागरिकों को बरगलाकर आतंकी नेटवर्क में शामिल किया जा रहा है। इस काम के लिए ISI द्वारा भारी फंडिंग की जा रही है ताकि स्थानीय स्तर पर एक मजबूत स्लीपर सेल नेटवर्क तैयार किया जा सके।


