Bihar: भागलपुर में नशे के सौदागरों पर प्रहार, रेलवे लाइन के पास छापेमारी में 2 तस्कर गिरफ्तार
भागलपुर: जिले में नशा मुक्त अभियान के तहत पुलिस को एक और महत्वपूर्ण सफलता हाथ लगी है। इशाकचक थाना क्षेत्र में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए दो शातिर स्मैक कारोबारियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से न केवल नशीले पदार्थ, बल्कि बड़ी मात्रा में नकद राशि भी बरामद की गई है।
घेराबंदी कर पकड़े गए तस्कर
पुलिस को सटीक सूचना मिली थी कि इशाकचक रेलवे लाइन के समीप स्मैक की खरीद-बिक्री के लिए डील होने वाली है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी कर छापेमारी शुरू की। पुलिस की आहट पाते ही वहां मौजूद युवक भागने लगे, लेकिन मौके पर तैनात जवानों ने तत्परता दिखाते हुए दो संदिग्धों को धर दबोचा।
बरामदगी और पहचान
तलाशी के दौरान गिरफ्तार आरोपियों के पास से निम्नलिखित बरामदगी हुई जिसमे स्मैक: करीब 4.12 ग्राम (14 पुड़िया),नकद: 90,000 रुपये (पुलिस के अनुसार यह स्मैक बिक्री की कमाई है)।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान छोटू चौधरी, निवासी इशाकचक पासी टोला और सोनू कुमार ,निवासी व्यायामशाला झोपड़पट्टी के रूप में हुई है।
बंगाल से जुड़ा है अवैध नेटवर्क
पुलिसिया पूछताछ में आरोपियों ने चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। उन्होंने स्वीकार किया है कि वे पश्चिम बंगाल से कम दाम में स्मैक की खेप लाते थे और भागलपुर के स्थानीय युवाओं व छोटे एजेंटों को ऊंचे दामों पर सप्लाई करते थे। पुलिस अब इस इनपुट के आधार पर बंगाल से भागलपुर तक फैले इस अवैध नेटवर्क के अन्य गुर्गों और मुख्य सरगना की तलाश में जुट गई है।
“नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर कई ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। जल्द ही इस गिरोह के अन्य सदस्यों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।” – स्थानीय पुलिस अधिकारी



