Delhi : भारत-ब्राजील के बीच ट्रेड डील पर हस्ताक्षर,पीएम मोदी बोले- ‘ग्लोबल साउथ’ के लिए मील का पत्थर साबित होगी यह दोस्ती

नई दिल्ली: भारत और ब्राजील के बीच सामरिक और आर्थिक रिश्तों में आज एक नया अध्याय जुड़ गया है। राजधानी दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला डी सिल्वा के बीच हुई उच्च स्तरीय द्विपक्षीय वार्ता के बाद दोनों देशों ने एक महत्वपूर्ण ट्रेड डील पर हस्ताक्षर किए हैं। यह समझौता न केवल दोनों देशों की अर्थव्यवस्थाओं को नई ऊंचाई प्रदान करेगा, बल्कि विकासशील देशों (ग्लोबल साउथ) के लिए भी एक मजबूत मिसाल पेश करेगा।
ऐतिहासिक स्वागत और मित्रता का अटूट विश्वास
प्रधानमंत्री मोदी ने राष्ट्रपति लूला और उनके प्रतिनिधिमंडल का गर्मजोशी से स्वागत किया। पीएम मोदी ने राष्ट्रपति लूला के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा प्रेसिडेंट लूला का विजन और प्रेरणादायक नेतृत्व भारत-ब्राजील संबंधों के लिए लंबे समय से लाभकारी रहा है। हर मुलाकात में भारत के प्रति उनकी गहरी मित्रता और अटूट विश्वास स्पष्ट झलकता है।
$20 अरब डॉलर के व्यापार का संकल्प
ब्राजील वर्तमान में लैटिन अमेरिका में भारत का सबसे बड़ा व्यापारिक भागीदार है। द्विपक्षीय वार्ता में व्यापारिक आंकड़ों को नई दिशा देने पर सहमति बनी है।अगले 5 वर्षों में द्विपक्षीय व्यापार को 20 अरब डॉलर ($20 Billion) के पार ले जाने का संकल्प लिया गया।राष्ट्रपति लूला के साथ आए विशाल बिजनेस डेलिगेशन को पीएम मोदी ने आपसी भरोसे की सबसे बड़ी झलक बताया।
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और टेक्नोलॉजी: ग्लोबल साउथ को मिलेगी नई दिशा
प्रधानमंत्री ने जोर देकर कहा कि आज के दौर में टेक्नोलॉजी और इनोवेशन में सहयोग केवल इन दो देशों तक सीमित नहीं है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर और स्टार्टअप्स में दोनों देशों की साझेदारी ‘ग्लोबल साउथ’ के अन्य देशों को भी विकास की नई दिशा दिखाएगी। पीएम मोदी ने कहा कि राष्ट्रपति लूला का यह दौरा दिल्ली में चल रहे ‘AI इम्पैक्ट समिट’ को नई ऊर्जा प्रदान करता है।



