Jharkhand: स्कूटी सवार नाबालिगों को बोलेरो से अगवा कर किया सामूहिक दुष्कर्म, पुलिस ने चारों दरिंदों को भेजा जेल

गुमला : झारखंड के गुमला जिले से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहाँ कामडारा थाना क्षेत्र के अरहरा गांव के समीप दो नाबालिग लड़कियों को अगवा कर उनके साथ सामूहिक दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया गया। हालांकि, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने सक्रियता दिखाई और महज कुछ घंटों के भीतर चारों मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
शादी समारोह से लौट रहे थे आरोपी
जानकारी के अनुसार, घटना सालेगुटू पंचायत के कोयल नदी किनारे स्थित बालाघाट क्षेत्र की है। सिमडेगा जिले के बानो थाना क्षेत्र से कुछ युवक सफेद बोलेरो (सख्या- JH01CR 8435) में सवार होकर लापा बक्सपुर गांव में एक शादी समारोह में शामिल होने आए थे। समारोह से वापस लौटते समय अरहरा गांव के पास उनकी नजर स्कूटी से जा रही दो नाबालिग लड़कियों और दो युवकों पर पड़ी।
पिछा कर किया अगवा, नदी किनारे ले जाकर की दरिंदगी
आरोपियों ने हैवानियत की हदें पार करते हुए अरहरा चौक के पास स्कूटी को घेर लिया।बोलेरो सवार युवकों ने जबरन दोनों नाबालिग लड़कियों और उनके साथ मौजूद एक युवक को गाड़ी में डाल लिया। एक अन्य युवक किसी तरह वहां से भागने में सफल रहा।आरोपी उन्हें बालाघाट के सुनसान इलाके में ले गए, जहाँ चारों ने मिलकर दोनों नाबालिगों के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। वारदात के बाद लड़कियों को मौके पर छोड़ दिया गया, जबकि अगवा किए गए युवक को बाद में अरहरा गांव के पास छोड़ा गया।
डायल 112 और पुलिस की त्वरित कार्रवाई
घटना की सूचना जैसे ही डायल 112 पर दी गई, कामडारा थाना पुलिस तुरंत एक्शन मोड में आ गई। पुलिस की विशेष टीम ने विभिन्न स्थानों पर छापेमारी कर चारों आरोपियों को धर दबोचा। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त सफेद बोलेरो को भी जब्त कर लिया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान
पुलिस की गिरफ्त में आए आरोपी अनमोल साहू (जराकेल, बानो), सोनू साहू (जराकेल, बानो), सुंदर साहू (जराकेल, बानो) और धरमजीत उर्फ होल्डन (बरसलोया, कोलेबिरा) सिमडेगा जिले के रहने वाले हैं।
क्षेत्र में तनाव, पुलिस अलर्ट
इस घटना के बाद से स्थानीय ग्रामीणों में भारी आक्रोश और भय का माहौल है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए स्पीडी ट्रायल की अनुशंसा की जाएगी ताकि आरोपियों को जल्द से जल्द कड़ी सजा मिल सके। वर्तमान में सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।



