Jharkhand: निकाय चुनाव से पहले अवैध शराब माफियाओं पर नकेल,भारी मात्रा में महुआ शराब बरामद

धनबाद: आगामी नगर निकाय चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए उत्पाद विभाग पूरी तरह रेस हो गया है। बुधवार को धनबाद के बलियापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत परेशानियां जोगनकोचा इलाके में अवैध शराब के खिलाफ विशेष छापेमारी अभियान चलाया गया। इस कार्रवाई से इलाके के शराब माफियाओं में हड़कंप मच गया है।
गुप्त सूचना पर उत्पाद विभाग की दबिश
उत्पाद विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि जोगनकोचा के जंगलों और रिहायशी इलाकों के पीछे बड़े पैमाने पर अवैध महुआ शराब की चुआई और निर्माण किया जा रहा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए एक विशेष टीम गठित की गई और बताए गए स्थान पर अचानक दबिश दी गई।
कार्रवाई का विवरण: क्या-क्या हुआ जब्त?
छापेमारी के दौरान उत्पाद विभाग की टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी।मौके से लगभग 400 लीटर अवैध महुआ शराब जब्त की गई।शराब बनाने के लिए रखे गए करीब 1000 किलो जावा महुआ को पुलिस ने मौके पर ही बहाकर नष्ट कर दिया।अवैध चुआई के लिए संचालित की जा रही चार बड़ी भट्ठियों को टीम ने पूरी तरह तोड़ दिया और उपकरणों को जब्त कर लिया।
संचालकों की पहचान और कानूनी कार्रवाई
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इन अवैध भट्ठियों का संचालन दुखन रवानी और मनोज रवानी द्वारा किया जा रहा था। उत्पाद विभाग के एएसआई जॉय हेंब्रम ने बताया कि इन दोनों आरोपियों और अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की विभिन्न सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज किया जा रहा है।
निकाय चुनाव पर विशेष नजर
एएसआई जॉय हेंब्रम ने स्पष्ट किया कि नगर निकाय चुनाव के दौरान मतदाताओं को प्रभावित करने के लिए शराब के दुरुपयोग की आशंका बढ़ जाती है। इसी को ध्यान में रखते हुए विभाग ने अपने खुफिया तंत्र को सक्रिय कर दिया है।
“चुनाव के मद्देनजर अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री पर हमारी जीरो टॉलरेंस की नीति है। यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा ताकि किसी भी स्थिति में चुनावी प्रक्रिया प्रभावित न हो।”
— जॉय हेंब्रम, एएसआई, उत्पाद विभाग



