सतना: मध्य प्रदेश के सतना जिले में खून के रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला सनसनीखेज मामला सामने आया है। रामपुर बाघेलान थाना क्षेत्र के देवमऊ झिरिया टोला गांव में अवैध संबंधों के चलते एक युवक ने अपनी सगी नानी की निर्मम हत्या कर दी। इस वारदात में उसकी मामी भी शामिल पाई गई है।
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार 65 वर्षीय रुकमणी 5 फरवरी की शाम करीब 5 बजे घर से निकली थीं, लेकिन वापस नहीं लौटीं। परिजनों ने काफी खोजबीन की, मगर कोई सुराग नहीं मिला।अगले दिन गांव के पास सरसों के खेत की झाड़ियों में उनका शव बरामद हुआ। शव पर चेहरे, सिर और गले पर गंभीर चोटों के निशान थे।पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ बीएनएस की धारा 194 के तहत हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
कॉल डिटेल्स से खुला राज
जांच के दौरान पुलिस और साइबर सेल ने मोबाइल कॉल डिटेल्स खंगाली। शक घर के ही लोगों पर गया।पुलिस ने कयामत रावत और उसकी मामी भारती उर्फ कंचन रावत को हिरासत में लेकर पूछताछ की। सख्ती से पूछताछ के बाद दोनों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
अवैध संबंध बने हत्या की वजह
पुलिस के मुताबिक, कयामत का अपनी सगी मामी भारती से अवैध संबंध था। 5 फरवरी की शाम करीब 4:30 बजे रुकमणी ने दोनों को आपत्तिजनक हालत में देख लिया था।बदनामी के डर से कयामत ने नानी को रास्ते से हटाने की साजिश रची।
ऐसे दिया वारदात को अंजाम
जब रुकमणी शौच के लिए खेत की ओर जा रही थीं, तब कयामत ने उनका पीछा किया।पहले उन्हें पकड़कर जमीन पर गिराया।हाथ और कड़े से सिर व चेहरे पर हमला किया उसके बाद अधमरी हालत में तार से गला घोंटकर हत्या कर दी और शव को झाड़ियों में छिपा दिया।
आरोपियों को भेजा गया जेल
पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त तार समेत अन्य सबूत बरामद कर लिए हैं।दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।
