Bihar INFACTNews

Bihar: तिलक समारोह से लौट रहे तीन चचेरे भाइयों की सड़क हादसे में मौत, कार के उड़े परखच्चे

नालंदा: बिहार के नालंदा जिले से एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है। तेल्हाड़ा थाना क्षेत्र के कठार (काठी) पुल के पास मंगलवार की सुबह एक अनियंत्रित कार डिवाइडर से जा टकराई। इस भीषण सड़क हादसे में कार सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल है।

तिलक समारोह की खुशियां मातम में बदलीं

जानकारी के अनुसार, कार में सवार सभी लोग जहानाबाद जिले के टेनी बीघा गांव के रहने वाले थे। ये सभी लोग नालंदा के एकांगरसराय स्थित भातूबीघा गांव में एक तिलक समारोह में शामिल होने आए थे। मंगलवार की सुबह जब तिलक की रस्म संपन्न होने के बाद ये लोग वापस अपने गांव जहानाबाद लौट रहे थे, तभी यह हादसा हो गया।

चकमा देने के चक्कर में अनियंत्रित हुई कार

बताया जा रहा है कि तेल्हाड़ा के काठी पुल के पास सामने से आ रही एक अन्य कार ने अचानक चकमा दे दिया। उसे बचाने के प्रयास में तेज रफ्तार कार अनियंत्रित हो गई और सड़क के बीच बने डिवाइडर से जोरदार तरीके से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया और तीन भाइयों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

मृतकों की पहचान और पुलिस की कार्रवाई

हादसे में जान गंवाने वाले तीनों मृतक आपस में चचेरे भाई बताए जा रहे हैं। इस घटना के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया है।हादसे में घायल चौथे व्यक्ति की स्थिति नाजुक बनी हुई है, जिसका अस्पताल में इलाज चल रहा है।तेल्हाड़ा थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के बाद उन्हें परिजनों को सौंप दिया है।

गाँव में पसरा सन्नाटा

जहानाबाद के टेनी बीघा गांव में जैसे ही यह खबर पहुंची, पूरे गांव में सन्नाटा पसर गया। एक साथ एक ही परिवार के तीन युवकों की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button