Bihar: देवघर जा रहे जहानाबाद के एक ही परिवार के 2 लोगों की सड़क हादसे में मौत, चकाई-देवघर मार्ग पर पेड़ से टकराई कार

जहानाबाद/चकाई: महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर बाबा धाम जा रहे एक परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं। रविवार सुबह चकाई-देवघर मुख्य मार्ग पर चंद्रमंडी थाना क्षेत्र के बसबूटिया मोड़ के पास एक भीषण सड़क हादसा हुआ। एक तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई, जिससे कार सवार ससुर और बहू की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हैं।
सुबह 8:00 बजे हुआ भीषण हादसा
जानकारी के अनुसार, जहानाबाद जिले के सिकंदरा प्रखंड के धधोर गांव का एक परिवार कार (स्विफ्ट डिजायर) से देवघर पूजा-अर्चना के लिए निकला था। रविवार सुबह करीब 8:00 बजे बसबूटिया मोड़ के पास कार की रफ्तार तेज थी। अचानक वाहन अनियंत्रित हुआ और सीधे पेड़ से जा भिड़ा। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए।
मृतकों और घायलों की पहचान
इस हृदयविदारक घटना में दो लोगों की घटनास्थल पर ही जान चली गई जिसमे कृष्णनंदन सिंह (70 वर्ष) और उनकी पुत्रवधू रिंकू देवी (48 वर्ष) है। घायल में ललन कुमार सिंह, प्रिया भारती, खुशबू भारती और 10 वर्षीय बालक गणेश शामिल है।
पुलिस और ग्रामीणों ने किया रेस्क्यू
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय ग्रामीणों की सूचना पर चंद्रमंडी थाना पुलिस और डायल 112 की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने ग्रामीणों की सहायता से कार में फंसे घायलों को बड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला और प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल भेज दिया।
दुर्घटना का कारण: चालक को आई झपकी?
प्रारंभिक जांच और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटना का मुख्य कारण चालक को अचानक नींद की झपकी आना बताया जा रहा है। हादसे में ड्राइवर भी घायल है। पुलिस ने कार को जब्त कर लिया है और ड्राइवर के होश में आने का इंतजार कर रही है ताकि बयान दर्ज किया जा सके। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है ताकि हादसे की सटीक वजह साफ हो सके।



