BreakingNews

Uttarakhand: देहरादून में जमशेदपुर के विक्रम शर्मा की दिनदहाड़े हत्या, मॉल के बाहर गोलियों से भूना

देहरादून/जमशेदपुर: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के व्यस्त राजपुर रोड स्थित सिल्वर सिटी मॉल में शुक्रवार सुबह गैंगवार की आहट ने सबको दहला दिया। जमशेदपुर के रहने वाले और चर्चित माफिया डॉन अखिलेश सिंह के कथित गुरु विक्रम शर्मा की अज्ञात हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर हत्या कर दी। घटना उस समय हुई जब विक्रम जिम से वर्कआउट कर बाहर निकल रहे थे।

जिम से निकलते ही बरसीं गोलियां

जानकारी के अनुसार, घटना सुबह करीब 10 बजे की है। विक्रम शर्मा मॉल की दूसरी मंजिल पर स्थित जिम से नीचे उतर रहे थे। सीढ़ियों के पास पहले से घात लगाए दो पैदल हमलावरों ने उन्हें देखते ही पिस्टल से फायरिंग शुरू कर दी। विक्रम को तीन गोलियां लगीं, जिससे मॉल के प्रवेश द्वार पर ही उनकी तड़प-तड़प कर मौत हो गई। वारदात को अंजाम देकर हमलावर बड़ी आसानी से भीड़ का फायदा उठाकर फरार हो गए।

माफिया डॉन अखिलेश सिंह से कनेक्शन

विक्रम शर्मा का नाम जमशेदपुर के अपराध जगत में काफी चर्चित रहा है। चर्चा है कि दुमका जेल में बंद कुख्यात माफिया डॉन अखिलेश सिंह कभी विक्रम शर्मा को अपना गुरु मानता था। विक्रम लंबे समय से देहरादून में रहकर प्रॉपर्टी डीलिंग और स्टोन क्रशर का बड़ा कारोबार चला रहा था।पुलिस सूत्रों का मानना है कि हत्या के पीछे जमशेदपुर से जुड़े पुराने गैंगवार या व्यावसायिक रंजिश का हाथ हो सकता है।

सीसीटीवी खंगाल रही एसटीएफ और पुलिस

वारदात की सूचना मिलते ही देहरादून एसएसपी, भारी पुलिस बल और एसटीएफ की टीम मौके पर पहुंची। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से खोखे और अन्य साक्ष्य जुटाए हैं। मॉल और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला जा रहा है। पुलिस को कुछ संदिग्धों के फुटेज मिले हैं, जिनके आधार पर छापेमारी की जा रही है।शहर के सभी एग्जिट पॉइंट्स पर चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।

कानून-व्यवस्था पर उठे सवाल

देवभूमि देहरादून में पिछले 15 दिनों के भीतर यह पांचवीं हत्या है। पॉश इलाके और व्यस्त मॉल में दिनदहाड़े हुई इस सनसनीखेज वारदात ने उत्तराखंड पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों और व्यापारियों में इस घटना के बाद से भारी दहशत का माहौल है।

“यह एक सुनियोजित हत्या लग रही है। हमलावरों ने बेहद नजदीक से गोलियां मारी हैं। हम जमशेदपुर पुलिस से भी संपर्क कर रहे हैं ताकि मृतक के आपराधिक इतिहास और रंजिशों के बारे में अधिक जानकारी मिल सके।”
— एसएसपी, देहरादून

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button