
झांसी: उत्तर प्रदेश के झांसी में एक सराफा कारोबारी के घर हुई 69 लाख रुपये की चोरी की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। हैरानी की बात यह है कि इस वारदात को किसी शातिर गिरोह ने नहीं, बल्कि कारोबारी के सबसे भरोसेमंद नौकर ने अपनी पत्नी के साथ मिलकर अंजाम दिया था। पुलिस ने न केवल आरोपी दंपत्ति को गिरफ्तार किया है, बल्कि चोरी गया 100% माल भी बरामद कर लिया है।
तिजोरी खुली देख डोल गई नीयत
मामला प्रेमनगर थाना क्षेत्र के महाराजपुरा का है। सराफा कारोबारी अनिल कुमार साहू के घर पिछले 15-16 साल से सुनील अहिरवार नाम का नौकर काम कर रहा था। बीती 3 फरवरी को जब मालिक घर से बाहर गए थे, तब सुनील ने तिजोरी की चाबी वहीं देखी। सालों का भरोसा पल भर में टूट गया और रातों-रात अमीर बनने की चाहत में उसने अपनी पत्नी प्रीति को फोन कर घर बुला लिया।
CCTV फुटेज ने खोला राज
घटना के बाद जब पुलिस ने तफ्तीश शुरू की, तो सीसीटीवी कैमरों ने सारा सच उगल दिया। फुटेज में दिखा कि 3 फरवरी की शाम साढ़े पांच बजे सुनील की पत्नी प्रीति तेजी से घर में दाखिल हुई और कुछ ही मिनटों बाद शॉल में कुछ भारी सामान छिपाकर बाहर निकली। जब कारोबारी ने फुटेज देखा तो उनके होश उड़ गए, क्योंकि वह महिला उनके नौकर की ही पत्नी थी।
शातिर नौकर का ‘इमोशनल ड्रामा’
पूछताछ के दौरान आरोपी सुनील अहिरवार लगातार पुलिस को गुमराह करता रहा। वह बार-बार अपनी 15 साल की वफादारी की कसमें खाता रहा और कहता रहा कि उसने आज तक 10 रुपये की भी हेराफेरी नहीं की। हालांकि, जब पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ की और सीसीटीवी फुटेज सामने रखा, तो उसने अपना जुर्म कुबूल कर लिया।
पंखों और घर के कोनों में छिपाए थे जेवर
आरोपी ने बताया कि उसने खुद चोरी नहीं की ताकि शक न हो। उसने पत्नी को बुलाकर माल पार कराया। चोरी के बाद पकड़े जाने के डर से दंपत्ति ने जेवरों को घर के पंखों और अन्य गुप्त जगहों पर छिपा दिया था।
बरामदगी का विवरण (कुल कीमत ₹69 लाख लगभग)
पुलिस ने आरोपियों के पास से शत-प्रतिशत बरामदगी सुनिश्चित की है जिसमे नगदी: 3 लाख 10 हजार 700 रुपये,स्वर्ण आभूषण: 3 सोने की अंगूठी, 3 जंजीर, 4 बालियां,कीमती नग: 3 पत्थर के 400 ग्राम वजनी बेशकीमती नग और चांदी: 25 चांदी के सिक्के और पूजन सामग्री।
“प्रेमनगर थाना पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर इस बड़ी चोरी का खुलासा किया है। नौकर ने ही अपनी पत्नी के साथ मिलकर योजना बनाई थी। शत-प्रतिशत बरामदगी के साथ दोनों आरोपियों को जेल भेजा जा रहा है।” — रामवीर सिंह, सीओ



