Jharkhand: रांची समाहरणालय को बम से उड़ाने की धमकी, बम स्क्वॉड और पुलिस की सघन तलाशी जारी

रांची: झारखंड की राजधानी रांची के हृदय स्थल कचहरी स्थित समाहरणालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद पूरे प्रशासनिक महकमे में अफरा-तफरी मच गई है। यह सनसनीखेज धमकी एक ईमेल के माध्यम से भेजी गई है, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियां और जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर हैं।
ईमेल से मिली धमकी, एक्टिव हुई पुलिस
जैसे ही समाहरणालय को बम से उड़ाने का ईमेल प्राप्त हुआ, इसकी सूचना वरीय अधिकारियों को दी गई। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए कोतवाली डीएसपी के नेतृत्व में भारी पुलिस बल मौके पर पहुँच गया। सुरक्षा के लिहाज से पूरे परिसर में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है।
बम स्क्वॉड की टीम कर रही सघन जांच
सूचना मिलते ही बम निरोधक दस्ता और श्वान दस्ता समाहरणालय परिसर पहुँचे।एहतियातन समाहरणालय के विभिन्न कार्यालयों को खाली करा लिया गया है।टीम हर कमरे, गलियारे और पार्किंग क्षेत्र की सघन तलाशी ले रही है।समाहरणालय के सभी प्रवेश और निकास द्वारों पर जवानों को तैनात कर दिया गया है और आने-जाने वालों की कड़ी चेकिंग की जा रही है।
साइबर सेल खंगाल रही है ईमेल का स्रोत
धमकी भरा ईमेल कहाँ से भेजा गया और इसके पीछे किसका हाथ है, इसकी जांच के लिए पुलिस साइबर सेल को सक्रिय कर दिया गया है। तकनीकी विशेषज्ञ ईमेल के आईपी एड्रेस और प्रेषक की पहचान करने में जुटे हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को जल्द ही सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।
प्रशासन की अपील: अफवाहों से बचें
कोतवाली डीएसपी ने बताया कि अभी तक परिसर में कोई भी संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है। तलाशी अभियान केवल सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए चलाया जा रहा है। जिला प्रशासन ने समाहरणालय आने वाले आम लोगों और कर्मचारियों से शांति बनाए रखने और सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।



