Bihar: नौबतपुर में घर के दरवाजे पर खड़े व्यक्ति को अपराधियों ने मारी गोली, इलाके में दहशत

पटना (नौबतपुर): राजधानी पटना के नौबतपुर थाना क्षेत्र में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। गुरुवार को नौबतपुर के इब्राहिमपुर गांव में हथियारबंद अपराधियों ने दिनदहाड़े एक व्यक्ति को निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ फायरिंग की। इस हमले में इब्राहिमपुर निवासी बिरजू शर्मा गोली लगने से घायल हो गए हैं। घटना के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
घर के बाहर कर रहे थे काम, तभी बरसीं गोलियां
घायल बिरजू शर्मा के पुत्र सिक्कू कुमार के अनुसार, घटना उस समय हुई जब वे अपने पिता के साथ घर के दरवाजे पर कामकाज में व्यस्त थे। इसी दौरान तीन अज्ञात युवक वहां पहुंचे और अचानक फायरिंग शुरू कर दी। हमलावरों को देख सिक्कू किसी तरह घर के अंदर भागकर अपनी जान बचाने में सफल रहा, लेकिन बिरजू शर्मा के हाथ में गोली लग गई।
अस्पताल में भर्ती, स्थिति स्थिर
गोलीबारी के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल बिरजू शर्मा को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों के अनुसार, गोली उनके हाथ में लगी है और प्राथमिक उपचार के बाद उनकी स्थिति अब खतरे से बाहर बताई जा रही है।
पुलिस की कार्रवाई: दो नामजद, एफएसएल टीम ने की जांच
सूचना मिलते ही नौबतपुर थाना अध्यक्ष मनजीत ठाकुर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल की टीम को बुलाया है। पुलिस ने इस मामले में दो लोगों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज की है।शुरुआती जांच में मामला आपसी रंजिश का प्रतीत हो रहा है।थानाध्यक्ष ने बताया कि आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम छापेमारी कर रही है।
“एक व्यक्ति के हाथ में गोली लगी है, जिनका इलाज चल रहा है। एफएसएल की टीम साक्ष्य संकलन कर रही है। जल्द ही नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।” — मनजीत ठाकुर, थानाध्यक्ष, नौबतपुर



