
कन्नौज : उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले के गुरसहायगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत पुराभोज गांव में बुधवार सुबह एक खौफनाक वारदात ने सनसनी फैला दी। एकतरफा प्यार और शादी की जिद में डूबे एक 24 वर्षीय युवक ने 120 फीट ऊंचे मोबाइल टॉवर से कूदकर अपनी जान दे दी। करीब दो घंटे तक चले हाईवोल्टेज ड्रामे के बाद युवक ने परिजनों और पुलिस की आंखों के सामने मौत की छलांग लगा दी।
प्रेमिका की शादी से आहत था युवक
जानकारी के अनुसार, पुराभोज निवासी सुमित (24 वर्ष) अपनी एक रिश्तेदार युवती से एकतरफा प्रेम करता था। वह उससे शादी करने की जिद पर अड़ा था, लेकिन परिजन इसके लिए तैयार नहीं थे। बताया जा रहा है कि युवती की बारात कल यानी 12 फरवरी को आनी तय है। अपनी कथित प्रेमिका की दूसरी जगह शादी होने की खबर से आहत होकर सुमित ने बुधवार सुबह करीब 8 बजे गांव के बाहर स्थित मोबाइल टॉवर पर चढ़कर आपा खो दिया।
दो घंटे तक चला ‘शोले’ जैसा ड्रामा
टॉवर की चोटी पर चढ़ा सुमित जोर-जोर से चिल्लाकर कह रहा था— “वह किसी और की नहीं हो सकती।” ग्रामीणों और परिजनों ने नीचे से हाथ जोड़कर उसे उतरने की मिन्नतें कीं, लेकिन वह किसी की बात सुनने को तैयार नहीं था। सुमित का कहना था कि अगर उसकी शादी नहीं कराई गई तो वह जान दे देगा। मौके पर पुलिस भी पहुँच गई और उसे समझाने का प्रयास किया गया, लेकिन सुबह करीब 10 बजे उसने 120 फीट की ऊंचाई से छलांग लगा दी।
अस्पताल ले जाते समय हुई मौत
सुमित के नीचे कूदते ही वहां मौजूद भीड़ में हड़कंप मच गया। गंभीर रूप से घायल सुमित को आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गुरसहायगंज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना का एक दिल दहला देने वाला वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
पुलिस की कार्रवाई और परिजनों का पक्ष
कन्नौज के एसपी विनोद कुमार ने बताया कि युवक के चाचा लखन ने पुलिस को तहरीर सौंपी है। तहरीर में युवक के नशे की हालत में टॉवर पर चढ़ने और वहां से गिरने की बात कही गई है।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं, विशेषकर प्रेम प्रसंग और आत्महत्या के उकसावे की जांच कर रही है।



