Jharkhand: जमशेदपुर में नकली मसाला कारोबार के नाम पर डोडा हुआ बरामद, गोलमुरी पुलिस ने 256 पैकेट जब्त किए

जमशेदपुर के गोलमुरी थाना क्षेत्र में पुलिस ने बुधवार को गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए नकली मसाला और खाद्य सामग्री के नाम पर डोडा बेचने का खुलासा किया। सिटी एसपी एसके चौधरी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे मामले की जानकारी दी।उन्होंने बताया कि कांड संख्या 17/26, दिनांक 10.02.2026, धारा 15(C) एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राप्त सूचना के आधार पर 10 फरवरी को दोपहर करीब 12:40 बजे मानगो नंबर 75, गणेश पूजा मैदान के पास स्थित “न्यू अपना शॉप” नामक किराना दुकान में छापेमारी की गई।
दुकान संचालक गिरफ्तार
यह दुकान बलराम महतो (56 वर्ष), पिता स्वर्गीय ओज महतो, निवासी लाइन नंबर 02, हिंदू बस्ती, थाना गोलमुरी, जिला पूर्वी सिंहभूम की बताई गई है। छापेमारी के दौरान दुकान के अंदर प्लास्टिक की बोरियों में भारी मात्रा में डोडा बरामद किया गया।
256 पैकेट जब्त, 88 किलो सामान बरामद
संदेह होने पर जब पैकेटों की जांच की गई तो उनमें “डोडा पाउडर जैसा पदार्थ” पाया गया। मौके से कुल 256 पैकेट जब्त किए गए। जब्त सामान में डोडा को अलग अलग पैकेट में रखा गया था जिसमें सोना चना बेसन – 54 पैकेट,शिव होलवेट चक्की ताजा आटा – 33 पैकेट,पीवाई टर्मरिक पाउडर – 152 पैकेट,पीवाई रेड चिली पाउडर – 08 पैकेट,रिश्ता चक्की फ्रेश आटा – 09 पैकेट सहित कुल वजन लगभग 88 किलोग्राम बताया गया है।
आईफोन 16 भी बरामद
कार्रवाई के दौरान एक फोल्डिंग कवर में रखा आईफोन 16 मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है।
आरोपी को भेजा गया न्यायिक हिरासत में
सिटी एसपी एसके चौधरी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है। मामले में आगे की जांच जारी है और संबंधित धाराओं के तहत कानूनी कार्रवाई की जा रही है।



