Bihar: सुल्तानगंज-अगुवानी घाट पुल को लेकर सरकार सख्त, 18 माह में काम पूरा करने का अल्टीमेटम

पटना: बिहार की बहुप्रतीक्षित सुल्तानगंज–अगुवानी घाट गंगा पुल परियोजना को लेकर राज्य सरकार ने कड़ा रुख अख्तियार कर लिया है। सोमवार को पथ निर्माण विभाग के सचिव पंकज कुमार पाल ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए परियोजना की गहन समीक्षा की और स्पष्ट निर्देश दिया कि आगामी 18 महीनों के भीतर पुल का निर्माण कार्य हर हाल में पूरा किया जाए।
IIT रुड़की ने डिजाइन को दी मंजूरी
बैठक में परियोजना की तकनीकी प्रगति की जानकारी साझा की गई। सचिव को बताया गया कि IIT रुड़की ने फाउंडेशन और सब-स्ट्रक्चर से जुड़े डिजाइनों को सैद्धांतिक मंजूरी दे दी है। पिलर संख्या P9 से P13 के बीच वेल कैप निर्माण के लिए पुराने P10 वेल कैप की कटिंग का कार्य युद्धस्तर पर चल रहा है।P11 और P12 के पुराने वेल कैप की कटिंग की तैयारी भी शुरू कर दी गई है।
कनेक्टिविटी के लिए गेम-चेंजर होगा यह पुल
यह परियोजना भागलपुर और खगड़िया जिलों को जोड़ने वाली गंगा नदी पर एक 4-लेन केबल-स्टे पुल है। फुटपाथ की सुविधा से लैस यह पुल न केवल क्षेत्रीय संपर्क को सुधारेगा, बल्कि उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच व्यापार और आर्थिक गतिविधियों को नई ऊंचाई प्रदान करेगा।
मई 2026 तक पहुँच पथ तैयार करने का लक्ष्य
पुल के साथ-साथ पहुँच पथ के निर्माण पर भी फोकस किया जा रहा है जिसमे कुल लंबाई 20.3 किलोमीटर,मई 2026 तक कार्य पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है।पसराहा स्थित आरओबी को छोड़कर शेष सभी हिस्सों पर निर्माण कार्य जारी है।
“गुणवत्ता से समझौता नहीं, साप्ताहिक होगी समीक्षा”
सचिव पंकज कुमार पाल ने संवेदक को सख्त हिदायत देते हुए कहा कि निर्माण की रफ्तार बढ़ाने के लिए संसाधनों की पर्याप्त तैनाती की जाए। उन्होंने निर्देश दिया कि संवेदक तत्काल वर्क प्रोग्राम और माइलस्टोन उपलब्ध कराएं।परियोजना की प्रगति की साप्ताहिक समीक्षा अनिवार्य रूप से की जाएगी।निर्माण गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।



