NewsUP INFACT

Uttar Pradesh: लखनऊ में निर्माणाधीन ‘न्यू ताज’ होटल में भीषण आग,500 मजदूरों ने भागकर बचाई जान

लखनऊ (विभूतिखंड): राजधानी के पॉश इलाके विभूतिखंड में शुक्रवार शाम एक निर्माणाधीन पांच सितारा ‘न्यू ताज’ होटल में भीषण आग लग गई। आग होटल के बेसमेंट-वन में मशीन से निकली एक छोटी सी चिनगारी से शुरू हुई, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। इस दौरान होटल के भीतर रखे केमिकल और पेंट के ड्रमों में जोरदार धमाके होने लगे, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई। गनीमत रही कि इमारत में मौजूद सभी 500 से अधिक कर्मचारी और मजदूर सुरक्षित बाहर निकल आए।

चिनगारी ने मचाई तबाही

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार शाम करीब 4 बजे होटल के बेसमेंट-वन में पत्थरों की कटाई का काम चल रहा था। पत्थर काटने वाली मशीन से निकली एक चिनगारी पास में ही रखे तारपीन के ड्रम पर जा गिरी।तारपीन ने तुरंत आग पकड़ ली। बेसमेंट में भारी मात्रा में पेंट, केमिकल और ज्वलनशील पदार्थ रखे थे, जिनमें एक के बाद एक ताबड़तोड़ धमाके होने लगे।उस वक्त बेसमेंट में करीब 200 और ऊपर के तलों पर 300 मजदूर काम कर रहे थे। धुआं और धमाके सुनकर मजदूरों में चीख-पुकार मच गई और लोग जान बचाने के लिए बाहर की ओर भागे।

दमकल और एसडीआरएफ का रेस्क्यू ऑपरेशन

आग की सूचना मिलते ही गोमतीनगर, हजरतगंज, सरोजनीनगर और आलमबाग समेत चार फायर स्टेशनों की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं।काला और घना धुआं पूरी 16 मंजिला इमारत में फैल गया था, जिससे दमकल कर्मियों को अंदर जाने में काफी परेशानी हुई। जवानों ने ब्रीदिंग ऑपरेटस (BA सेट) और मास्क पहनकर मोर्चा संभाला। इमारत से धुआं निकालने के लिए स्मोक एक्जास्टर मशीनों का प्रयोग किया गया।सुरक्षा के मद्देनजर राज्य आपदा मोचन बल (SDRF) को बुलाया गया, जिसने देर रात तक हर मंजिल पर सर्च ऑपरेशन चलाया ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि कोई अंदर फंसा तो नहीं है।

सुरक्षा में बड़ी चूक: नहीं थे अग्निशमन यंत्र

होटल में काम करने वाले बिजली मिस्त्री संजीवन ने प्रशासन की पोल खोलते हुए बताया कि निर्माणाधीन होटल में अग्निशमन यंत्र मौजूद नहीं थे। मजदूरों का कहना है कि अगर सुरक्षा उपकरण होते, तो शुरुआती स्तर पर ही आग पर काबू पाया जा सकता था।

रोकी गई PNG सप्लाई

होटल के पास से गुजर रही PNG पाइपलाइन को अधिकारियों ने तुरंत बंद करवाया ताकि आग गैस लाइन तक न पहुंचे और कोई बड़ा विस्फोट न हो। पुलिस ने विभूतिखंड थाने की ओर जाने वाले रास्ते को सील कर दिया ताकि फायर टेंडर को आने-जाने में दिक्कत न हो।

आस-पड़ोस में दहशत, बंद हुईं दुकानें

न्यू ताज होटल से निकलते काले धुएं के गुबार कई किलोमीटर दूर से देखे जा सकते थे। आग की तपिश और धमाकों की आवाज सुनकर आसपास की इमारतों के ऑफिस खाली हो गए और दुकानदार अपनी दुकानें बंद कर भाग निकले। सुरक्षा गार्डों द्वारा मीडिया कर्मियों के साथ धक्का-मुक्की की खबरें भी सामने आईं, जिन्हें बाद में पुलिस ने शांत कराया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button