Jharkhand INFACTNews

Jharkhand: रांची सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी,बम स्क्वॉड और डॉग स्क्वॉड ने संभाला मोर्चा

रांची: झारखंड की राजधानी रांची से एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है। रांची सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने का एक धमकी भरा ईमेल मिलने के बाद पूरे प्रशासन में हड़कंप मच गया है। ईमेल की सूचना मिलते ही सुरक्षा एजेंसियां तुरंत अलर्ट मोड पर आ गईं और एहतियात के तौर पर पूरे कोर्ट परिसर को खाली करा लिया गया।

जगुआर की बम स्क्वॉड और डॉग स्क्वॉड मौके पर

धमकी की सूचना मिलते ही रांची पुलिस और झारखंड जगुआर की बम निरोधक टीम व डॉग स्क्वॉड मौके पर पहुंचे। कोर्ट परिसर के हर कोने, वकीलों के चैंबर, और पार्किंग एरिया की बारीकी से जांच की जा रही है। सुरक्षा के मद्देनजर कोर्ट की ओर आने-जाने वाले सभी रास्तों को सील कर दिया गया है और संदिग्धों की तलाशी ली जा रही है।

साइबर सेल खंगाल रही ईमेल का ‘एड्रेस’

धमकी भरा ईमेल किस सोर्स से आया है, इसकी जांच के लिए साइबर सेल को सक्रिय कर दिया गया है। साइबर एक्सपर्ट्स ईमेल भेजने वाले के IP एड्रेस और लोकेशन को ट्रैक करने में जुटे हैं। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह किसी की शरारत है या इसके पीछे कोई गहरी साजिश है।

मौके पर मौजूद हैं वरीय अधिकारी

कोर्ट परिसर में मची अफरातफरी के बीच कोतवाली डीएसपी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद हैं। उन्होंने स्थिति का जायजा लेते हुए लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। फिलहाल कोर्ट के न्यायिक कार्यों को रोक दिया गया है और वकीलों व मुवक्किलों को परिसर से बाहर सुरक्षित दूरी पर रखा गया है।

पुलिस की अपील: अफवाहों से बचें

रांची पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद है और डरने की आवश्यकता नहीं है। नागरिकों से अनुरोध किया गया है कि वे सोशल मीडिया पर चल रही किसी भी अपुष्ट जानकारी या अफवाह को बढ़ावा न दें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button